हाई अलर्ट में छात्रा से लूट की कहानी निकली फर्जी:बॉयफ्रेंड को गहने देने के लिए रची साजिश, ग्वालियर में CCTV से पुलिस ने किया खुलासा

ग्वालियर में एक दिन पहले हाई अलर्ट के दौरान इंजीनियरिंग छात्रा से गहने लूट की जो कहानी सामने आई थी, वह फर्जी निकली। पुलिस जांच में पता चला कि इस फर्जी लूटकांड की साजिश खुद छात्रा ने अपने बॉयफ्रेंड के लिए रची थी। छात्रा ने गहने अपने बॉयफ्रेंड को देने के बाद बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों द्वारा लूट की झूठी कहानी बनाई थी। जब पुलिस ने घटना स्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच की तो छात्रा के बताए अनुसार कोई बाइक या तीन नकाबपोश बदमाश नजर नहीं आए। उल्टा, कैमरों में छात्रा अकेले अपनी एक्टिवा से आते-जाते दिखाई दी। इसके अलावा छात्रा के बयान बार-बार बदल रहे थे, जिससे पुलिस को शक हुआ। पहले भी बॉयफ्रेंड को दिए रुपए जांच आगे बढ़ी तो सामने आया कि छात्रा पहले भी अपने बॉयफ्रेंड को घर से चोरी कर करीब तीन लाख रुपए दे चुकी है। इसके बाद पुलिस ने छात्रा को निगरानी में लेकर सख्ती से पूछताछ की, जिसमें पूरी सच्चाई सामने आ गई। पुलिस ने छात्रा के बॉयफ्रेंड को पकड़कर थाने लाया, जहां से लूट की बताई गई सोने की चेन बरामद कर ली गई। सीएसपी इंदरगंज रोबिन जैन ने बताया कि फालका बाजार निवासी 21 वर्षीय युवती आईपीएस कॉलेज की इंजीनियरिंग छात्रा है। छात्रा ने मंगलवार शाम पुलिस को सूचना दी थी कि पढ़ाई के बाद घर लौटते समय कैंसर पहाड़िया स्थित कैंसर हिल्स कैफे के पास बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने उसे ओवरटेक कर रोका और धमकाकर गले की चेन, कान के टॉप्स और अंगूठी लूट ली। हाई अलर्ट के दौरान लूट की सूचना मिलने के बाद एसएसपी ग्वालियर धर्मवीर सिंह ने मामले के जल्द खुलासे के निर्देश दिए थे। इसके बाद सीएसपी रोबिन जैन के मार्गदर्शन में टीआई कंपू अमर सिंह सिकरवार ने जांच शुरू की। पुलिस पूछताछ में छात्रा के बयान बार-बार बदलने लगे। इसके बाद CCTV फुटेज खंगाले गए, लेकिन कहीं भी बाइक सवार नकाबपोश बदमाश नहीं दिखे। फुटेज में छात्रा अकेले एक्टिवा से जाती नजर आई। इसी आधार पर पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, तो फर्जी लूटकांड का खुलासा हो गया। छात्रा और बॉयफ्रेंड के खिलाफ होगा मामला दर्ज पूछताछ में सामने आया कि छात्रा का बॉयफ्रेंड ऋषभ परमार है, जिसके कहने पर उसने यह साजिश रची। छात्रा ने सोने की चेन बॉयफ्रेंड को दे दी थी, जबकि टॉप्स और अंगूठी घर पर रखी हुई थी। पुलिस ने बॉयफ्रेंड को हिरासत में लेकर सोने की चेन बरामद कर ली है। सीएसपी रोबिन जैन ने बताया कि छात्रा और उसके बॉयफ्रेंड के खिलाफ मामला दर्ज करने की तैयारी की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *