टीकमगढ़ के मऊ चुंगी रोड पर सोमवार देर रात एक तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी को टक्कर मार दी। जिससे स्कूटी ट्रक के नीचे जा घुसी। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। दरअसल, जतारा निवासी रामचंद्र अहिरवार अपनी पत्नी और 13 वर्षीय नातिन अनीता के साथ स्कूटी पर सवार होकर टीकमगढ़ की ओर जा रहे थे। बस स्टैंड के पास सुधा सागर रोड पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। रामचंद्र ने बताया कि मैं पत्नी और नातिन के साथ सड़क किनारे खड़े थे और ट्रक भी रुक गया था। लेकिन जैसे ही हम आगे बढ़े, ट्रक चालक ने भी गाड़ी चला दी। तीनों के चिल्लाने के बावजूद ट्रक नहीं रुका और वे ट्रक के नीचे आ गए। सौभाग्य से ट्रक चालक ने समय रहते ब्रेक लगा दिए, जिससे तीनों की जान बच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तीनों को ट्रक के नीचे से निकाला। हादसे में केवल नातिन अनीता को मामूली चोटें आईं। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और डायल 100 की मदद से घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया। कोतवाली थाना प्रभारी पंकज शर्मा ने बताया कि रामचंद्र और उनकी पत्नी को कोई चोट नहीं आई। अनीता का इलाज करने के बाद देर रात सभी को घर भेज दिया गया।


