हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान के रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी है। नववर्ष के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने बड़ी सुविधा दी है। उत्तर रेलवे द्वारा कुरुक्षेत्र–फुलेरा–कुरुक्षेत्र और फुलेरा–शकूरबस्ती–फुलेरा के बीच दो जोड़ी अनारक्षित स्पेशल ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया गया है। ये ट्रेनें पूरी तरह अनारक्षित होंगी। जिससे यात्री सामान्य टिकट लेकर आसानी से यात्रा कर सकेंगे। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, ट्रेन नंबर 09711/09712 (कुरुक्षेत्र–फुलेरा–कुरुक्षेत्र) का संचालन कुल 4 फेरों में किया जाएगा। यह स्पेशल ट्रेन कुरुक्षेत्र स्टेशन से 29 दिसंबर से 1 जनवरी 2026 तक चलेगी, जबकि फुलेरा से वापसी में इसका संचालन 30 दिसंबर से 2 जनवरी 2026 तक रहेगा। ट्रेन में कुल 14 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें 12 साधारण कोच और 2 एसएलआर कोच शामिल होंगे। यह है समय सारिणी समय-सारिणी के अनुसार, ट्रेन कुरुक्षेत्र (KKDE) से रात 11:30 बजे प्रस्थान करेगी। इसके बाद यह रोहतक स्टेशन पर 02:28 बजे पहुंचेगी और 02:30 बजे रवाना होगी। रेवाड़ी में इसका ठहराव 04:25 से 04:27 बजे तक रहेगा। नारनौल स्टेशन पर ट्रेन 05:19 बजे पहुंचेगी और 05:21 बजे आगे रवाना होगी। अंतिम स्टेशन फुलेरा पर इसका आगमन 08:30 बजे निर्धारित है। दिल्ली शकूरबस्ती से भी चलेगी इसी तरह दूसरी जोड़ी 09713/09714 (फुलेरा–शकूरबस्ती–फुलेरा) भी कुल 4 फेरों में चलाई जाएगी। इसका संचालन फुलेरा और शकूरबस्ती दोनों से 29 दिसंबर 2025 से 1 जनवरी 2026 तक किया जाएगा। इस ट्रेन में भी 14 कोच (12 साधारण + 2 एसएलआर) होंगे। यह रहेगा इसका समय यह ट्रेन फुलेरा से सुबह 10:40 बजे रवाना होगी और रिंग्स में 11:45 से 11:50 बजे तक रुकेगी। इसके बाद नारनौल में 13:38 से 13:40 बजे, रेवाड़ी में 14:48 से 14:50 बजे और गुड़गांव में 15:28 से 15:30 बजे ठहराव रहेगा। शकूरबस्ती स्टेशन पर इसका आगमन 16:30 बजे होगा। तीन राज्यों के लोगों को लाभ रेलवे ने स्पष्ट किया है कि ये दोनों स्पेशल ट्रेनें पूरी तरह अनारक्षित हैं और इनका संचालन विशेष रूप से नववर्ष के दौरान अतिरिक्त यात्रियों की भीड़ को क्लियर करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। इससे हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली मार्ग पर यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।


