भास्कर न्यूज | बैकुंठपुर/पटना कोरिया जिले में ऐसा पहली बार हुआ है, जब सरगुजा आईजी के निर्देश पर सूरजपुर जिले की पुलिस जुआ फड़ पकड़ने के लिए अचानक पहुंची। इसकी भनक कोरिया पुलिस समेत पटना थाना के टीआई को नहीं लगी। सोमवार की शाम कोरिया जिला के पटना थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कुड़ेली में 26 जुआरियों को सूरजपुर पुलिस ने जुआ खेलते हुए धरदबोचा। वहीं, कुछ जुआरी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। मौके पर पुलिस ने नकद 1 लाख 55 हजार 927 रूपए, 4 कार समेत 21 बाइक जब्त कर पटना थाना में सुपुर्द किया। कार्रवाई सूरजपुर पुलिस ने आईजी के निर्देश पर की है। सोमवार की रात कोरिया जिले में सरगुजा आईजी के निर्देश पर सूरजपुर पुलिस अचानक कार्रवाई करने पहुंची। इसकी भनक कोरिया जिला पुलिस व पटना थाना प्रभारी तक को नहीं लगी। सूरजपुर व कोरिया जिले के सीमा क्षेत्र में स्थित ग्राम कुड़ेली में राजा साहू के मकान में लम्बे समय से जुआ फड़ का संचालन हो रहा है। इसकी शिकायत थाना प्रभारी को भी की गई थी, लेकिन उन्होंने कार्रवाई नहीं की। इसके बाद मामले की जानकारी सीधे सरगुजा आईजी को दी गई और उनके निर्देश पर सूरजपुर पुलिस कार्रवाई करने के लिए पहुंची। जुआ खेल रहे कुछ लोग रात के अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने बताया कि जुआरियों के पास से 1 लाख 55 हजार 127 रुपए नकद बरामद किया गया है। लेकिन ग्रामीणों की माने तो जुआ फड़ 30 लाख से ज्यादा का था और हर दिन यहां इतनी राशि का जुआ खेला जा रहा था। पटना पुलिस ने बताया कि बैकुंठपुर निवासी फकरूदीन, ग्राम नारायणपुर निवासी रसीद खान, देवनारायण साहू, बृजमोहन, ग्राम माजा के संजय कुमार, लालचंद राजवाड़े, प्रतापपुर निवासी संतोष यादव, अखिल कुमार, ओमकार साहू, बड़कापारा निवासी अशोक कुमार, लाची निवासी सूरज कुमार, खोपा निवासी रामनारायण राजवार, अम्बिकापुर नेहरू नगर निवासी रंजन घरामी, बैकुंठपुर ग्राम सागरपुर निवासी महेंद्र साहू, स्कूलपारा निवासी आनंद गुप्ता, चिलका शंभूनाथ, जमीरउद्दीन, डबरीपारा निवासी मजहर अली, जावेद खान, मंडलपारा निवासी अरूण कुमार, ग्राम कोटकताल निवासी मूलचंद, मिशन मोहल्ला निवासी राजेश कोइरे, सलबा निवासी आदर्श सिंह, ग्राम बुडार निवासी जगत सिंह, ग्राम ओड़गी निवासी श्याम नारायण, बैकुंठपुर स्कूलपारा निवासी अभिषेक दुबे को गिरफ्तार किया गया है। पटना टीआई को नोटिस जारी कोरिया एसपी रवि कुमार कुर्रे ने बताया कि 26 जुआरियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया था। इस मामले में पटना थाना प्रभारी विनोद पासवान को नोटिस जारी कर जवाब तलब कि किया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर आगे कार्रवाई की जाएगी। वहीं, जिले के लोगों से एसपी ने अपील की है कि कहीं भी अवैध काम हो रहा है, तो उसकी सूचना पुलिस को दें। पुलिस आरोपियों पर सख्त कार्रवाई करेगी।


