कटनी जिले में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर राजस्व, पुलिस और खनिज विभाग के संयुक्त दल ने कार्रवाई की। इस दल ने बड़वारा और बरही तहसील की रेत खदानों का औचक निरीक्षण किया, जिसमें अवैध खनन में संलिप्त दो वाहन जब्त किए गए। उपसंचालक खनिज अधिकारी रत्नेश दीक्षित ने बताया कि संयुक्त दल ने बड़वारा तहसील के इमलिया, लोहरवाड़ा, कुम्हारवाड़ा, सूरजपुर और बरही तहसील के छिंदहाई पिपरिया, जाजागढ़, बहिर्घटा, बसाड़ी, सुतरी, सलैया, नदावन गांवों में स्वीकृत रेत खदानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकांश खदानों में खनन कार्य संचालित नहीं पाया गया। हालांकि, ग्राम नादावान सुतरी के पास एक स्वीकृत रेत खदान से बिना दस्तावेजों के रेत का खनन और परिवहन करते पाए जाने पर दो वाहन जब्त किए गए। इन वाहनों को बरही पुलिस थाने में खड़ा कराया गया है। निरीक्षण के दौरान समीप ही महानदी में उमरिया जिले के अंतर्गत खैरवार खदान संचालित होती पाई गई। कटनी जिले में कुल 49 रेत खदानें स्वीकृत हैं। अक्टूबर माह तक माइनिंग कॉर्पोरेशन द्वारा ये खदानें एमडीओ मेसर्स धनलक्ष्मी मर्चेंडाइज प्रा. लिमिटेड, नर्मदापुरम के पक्ष में आवंटित और संचालित थीं। वर्तमान में रेत खदानों के रिटेंडरिंग की प्रक्रिया शासन स्तर पर चल रही है। संयुक्त दल ने स्वीकृत खदानों के एप्रोच रोड को भी चिह्नित किया और उपलब्ध खनिज की जानकारी जुटाई।


