शहडोल जिले के ब्यौहारी वन परिक्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। तीखवा-डबरौहा मार्ग पर बीती रात करीब 8:30 बजे तेंदुआ सड़क पार करता हुआ देखा गया, जो आबादी वाले गांव से महज 50 मीटर की दूरी पर है। ग्रामीणों के अनुसार जिस स्थान पर तेंदुआ दिखाई दिया, वह गांव के बेहद करीब है। इस वजह से लोगों में डर का माहौल बन गया है और किसी अप्रिय घटना की आशंका जताई जा रही है। चलते ट्रैफिक के बीच सड़क पर आया तेंदुआ जिस समय तेंदुआ सड़क पार कर रहा था, उस वक्त सड़क पर वाहनों का आवागमन जारी था। अचानक सामने तेंदुआ दिखते ही राहगीर घबरा गए और उन्होंने अपने वाहन रोक दिए। कुछ लोगों ने मोबाइल फोन से तेंदुए का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में तेंदुआ बिना किसी डर के सड़क पार करता नजर आ रहा है। पहले भी दिख चुके हैं जंगली जानवर ग्रामीणों ने बताया कि इस क्षेत्र में पहले भी जंगली जानवरों की आवाजाही देखी जाती रही है, लेकिन गांव के इतने नजदीक तेंदुए का दिखना पहली बार हुआ है। घटना के बाद ग्रामीण रात के समय घरों से बाहर निकलने से कतरा रहे हैं। बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर परिजन खासे चिंतित नजर आ रहे हैं। खेत और जंगल से सटे रास्ते हुए सुनसान ग्रामीणों का कहना है कि खेतों और जंगल से लगे रास्तों पर शाम होते ही सन्नाटा पसर जाता है। लोग अकेले निकलने से बच रहे हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि इलाके में नियमित गश्त और निगरानी बढ़ाई जाए। चेतावनी बोर्ड और सुरक्षा इंतजाम की मांग ग्रामीणों ने मांग की है कि संवेदनशील क्षेत्रों में चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं और रात के समय सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि किसी हादसे को रोका जा सके। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि वायरल वीडियो और मिली सूचना के आधार पर स्थिति की जांच की जा रही है। टीम को अलर्ट कर दिया गया है और क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई जाएगी।


