सागवाड़ा में 28 दिसंबर से शिव कथा होगी शुरू:दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान कर रहा है सात दिवसीय आयोजन

डूंगरपुर जिले के सागवाड़ा नगर के महिपाल खेल मैदान में दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान द्वारा 28 दिसंबर से सात दिवसीय शिव कथा का आयोजन किया जाएगा। कथा से एक दिन पहले, 27 दिसंबर को मंगलेश्वर महादेव मंदिर से महिपाल खेल मैदान तक कलश यात्रा निकाली जाएगी। इसमें लगभग 1100 महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर शामिल होंगी। यह यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कथा स्थल तक पहुंचेगी। दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान की साध्वी चिन्मया भारती ने जानकारी देते हुए बताया कि शिव कथा आशुतोष महाराज की शिष्या साध्वी गरिमा भारती द्वारा की जाएगी। कथा प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगी। सात दिनों तक चलने वाली इस कथा में भगवान शिव के विभिन्न स्वरूपों, उनके चरित्र, तप, त्याग और करुणा के साथ-साथ सामाजिक और आध्यात्मिक संदेशों का विस्तार से वर्णन किया जाएगा। साध्वी चिन्मया भारती ने बताया कि प्रतिदिन लगभग छह हजार श्रद्धालुओं के कथा श्रवण के लिए पहुंचने की संभावना है। इसके मद्देनजर विशाल टेंट, बैठने की समुचित व्यवस्था, पेयजल और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह शिव कथा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को सकारात्मक दिशा देने का माध्यम बनेगी। कथा के माध्यम से भगवान शिव के जीवन दर्शन के साथ पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक समरसता का संदेश भी दिया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *