भास्कर न्यूज | दुर्गूकोंदल खनिज न्यास निधि (डीएमएफ) व 15 वें वित्त आयोग की राशि से खनन प्रभावित ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों की स्वीकृति नहीं मिलने से सरपंचों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। शासन-प्रशासन द्वारा बार-बार अवगत कराने के बावजूद कोई ठोस पहल नहीं किए जाने से नाराज सरपंच संघ ब्लॉक दुर्गूकोंदल ने 25 दिसंबर को सुबह 7 बजे दुर्गूकोंदल मुख्य चौक में धरना-प्रदर्शन व चक्काजाम करेगा। संघ पदाधिकारियों ने कहा सरपंच संघ सचिव मुकेश गावड़े के नेतृत्व में पूर्व में कलेक्टर कांकेर के नाम तहसीलदार दुर्गूकोंदल को ज्ञापन सौंपा गया था। ज्ञापन में छह दिवस के भीतर माइंस प्रभावित पंचायतों में डीएमएफ मद से विकास कार्यों को स्वीकृति देने की मांग की गई थी। समय सीमा समाप्त होने के बाद भी प्रशासन द्वारा कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाए जाने के कारण अब सरपंच संघ एवं ग्रामीण आंदोलन के लिए बाध्य हुए हैं। सरपंचों ने बताया जनपद पंचायत दुर्गूकोंदल के अंतर्गत राजस्व क्षेत्र में पांच खनन परियोजनाएं संचालित हैं, जिनसे प्रतिवर्ष करोड़ों की रॉयल्टी जिला प्रशासन को प्राप्त होती है।


