पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती को मोवाई और अरनोद क्षेत्र में सुशासन दिवस के रूप में गारिमामय ढंग से मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों और प्रशासनिक कार्यालयों में वाजपेयी के विचारों को स्मरण करते हुए सुशासन का संकल्प लिया गया। राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल मोवाई में स्कूल परिवार द्वारा एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत वाजपेयी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। पीईईओ कोमलचंद्र सुथार ने वाजपेयी के जीवन, उनके लोकतांत्रिक मूल्यों और सुशासन की अवधारणा पर विस्तार से प्रकाश डाला। पीईईओ सुथार ने स्कूल के सभी टीचर्स और कार्मिकों को सुशासन की शपथ दिलाई। इस दौरान सभी ने अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने, प्रशासनिक पारदर्शिता बनाए रखने और स्टूडेंट्स के सर्वांगीण विकास के लिए सतत प्रयास करने का संकल्प लिया। मोवाई के साथ-साथ मोहड़ा, अचनेरा, भचुंडला और चुपना क्षेत्र से जुड़े विद्यालयों के शिक्षक व कार्मिक भी अपने-अपने स्कूलों में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल हुए। सभी ने वाजपेयी के फोटो पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके आदर्शों को अपने कार्य में आत्मसात करने का संकल्प दोहराया। इसके साथ ही अरनोद पंचायत समिति कार्यालय में विकास अधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सुशासन की शपथ दिलाई। वहीं, तहसील कार्यालय अरनोद में तहसीलदार नितिन मेरावत ने कर्मचारियों को निष्पक्ष, पारदर्शी और जनहितकारी प्रशासन की शपथ दिलाई। यह जानकारी गुरुवार दोपहर 2:30 बजे मोवाई के अशोकनाथ और अरनोद के पूनमचंद मालवीय ने दी। सुशासन दिवस के माध्यम से प्रशासन और शिक्षा दोनों क्षेत्रों में जवाबदेही एवं सेवा भावना को सुदृढ़ करने का संदेश दिया गया।


