धमतरी में 2.79 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी:अब तक 45% किसानों से धान खरीदा, 1 लाख टन से अधिक का उठाव

छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के तहत अब तक 2 लाख 79 हजार 414 मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है। इस धान का समर्थन मूल्य 662.57 करोड़ रुपये है। जिले में धान खरीदी के लिए 74 सहकारी समितियों के माध्यम से कुल 100 उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं। 15 नवंबर से शुरू हुई धान खरीदी की प्रक्रिया लगातार जारी है। अब तक 58,443 किसानों ने धान बेचा अब तक 58,443 किसानों ने अपना धान बेचा है। इनमें से 53,227 किसानों को 60,293.78 लाख रुपये का भुगतान सीधे उनके बैंक खातों में किया जा चुका है, जिससे उन्हें त्वरित आर्थिक सहायता मिली है। धान उठाव की प्रक्रिया भी निरंतर जारी है। अब तक 49,982.80 मीट्रिक टन धान का उठाव किया जा चुका है, जबकि उपार्जन केंद्रों में 2,29,431.32 मीट्रिक टन धान शेष है। उपार्जित धान के निराकरण के लिए कस्टम मिलिंग की प्रभावी व्यवस्था की गई है। जिले में 166 पंजीकृत मिलें हैं, जिन्हें 7,90,608 मीट्रिक टन धान की अनुमति जारी की गई है। अब तक 1,01,752.60 मीट्रिक टन धान उठाव के लिए डी.ओ. (डिलीवरी ऑर्डर) जारी किए गए हैं। धमतरी में अब तक 45% किसानों से हुई खरीदी धमतरी कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने बताया कि इस बार लगभग एक तिहाई धान खरीदी पूरी हो चुकी है और अभी खरीदी के लिए लगभग 40 दिन शेष हैं। उन्होंने कहा कि लगभग 45 प्रतिशत किसानों से धान खरीदा जा चुका है। कलेक्टर मिश्रा ने यह भी बताया कि सभी सोसाइटियों में खरीदी की सीमा बढ़ा दी गई है और पंजीकरण संबंधी समस्याओं का भी समाधान किया जा चुका है। उन्होंने आश्वस्त किया कि किसी भी समस्या के लिए कमांड कंट्रोल रूम हमेशा सक्रिय रहता है। कलेक्टर ने कहा कि धान उठाव के लिए भी डीओ जारी किए जा रहे हैं और अब तक 1 लाख 60 हजार मीट्रिक टन के लिए डीओ कट चुके हैं। उन्होंने इस बार की धान खरीदी को काफी सुचारु और अच्छे ढंग से संचालित बताया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *