बैतूल जिले के देवगांव में गुरुवार सुबह एक कुएं में 25 वर्षीय विवाहिता का शव मिलने से हड़कंप मच गया। यह घटना बैतूल कोतवाली थाना क्षेत्र की खेड़ी चौकी अंतर्गत ग्राम देवगांव की है। सुबह करीब 8 बजे ग्रामीणों ने कुएं में शव तैरता देखा, जिसके बाद तत्काल खेड़ी पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की सहायता से शव को कुएं से बाहर निकाला। मृतका की पहचान चिखलमहु तिगड्डा, जुन्नारदेव निवासी विनिता पति महेश चौकीकर (25 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया गया कि वह वर्तमान में देवगांव में रह रही थी। खेड़ी-सांवलीगढ़ चौकी प्रभारी और तहसीलदार की मौजूदगी में मौके पर पंचनामा कार्रवाई की गई। इसके उपरांत शव को पोस्टमॉर्टम के लिए बैतूल जिला अस्पताल भेजा गया। वहां डॉक्टरों की दो सदस्यीय टीम ने पोस्टमॉर्टम किया। आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। दो साल पहले हुई थी शादी
परिजनों ने पुलिस को बताया कि विनिता की शादी लगभग दो साल पहले हुई थी। वह मानसिक रूप से अस्वस्थ चल रही थी और उसका उपचार नागपुर में जारी था। इससे संबंधित दस्तावेज भी पुलिस को सौंपे गए हैं। परिजनों के अनुसार, बुधवार रात विनिता घर से निकल गई थी। गुरुवार सुबह कुएं के पास उसकी चप्पल मिलने पर अनहोनी की आशंका हुई, जिसके बाद कुएं में देखने पर उसका शव मिला। फिलहाल पुलिस मौत के कारणों को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं दे पाई है। यह आत्महत्या है, दुर्घटना है या किसी अन्य वजह से मौत हुई है, यह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस ने बताया कि रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा होगा। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और सभी संभावित पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।


