खुजनेर में एक साल पुरानी लूट का खुलासा:एक आरोपी गिरफ्तार, दो नाबालिग भी पकड़े गए; बाइक-मोबाइल बरामद

राजगढ़ जिले के खुजनेर क्षेत्र में एक साल पहले हुई लूट की वारदात का पुलिस ने गुरुवार को खुलासा कर दिया। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो नाबालिगों को निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई बाइक, मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई दूसरी बाइक बरामद की है। यह घटना 19 अक्टूबर 2024 को रात में हुई थी। फरियादी परवेज खान, जो पचोर के निवासी हैं और खुजनेर बायपास पर ‘बाइक हॉस्पिटल’ नाम से ऑटो पार्ट्स की दुकान चलाते हैं, अपनी दुकान बंद कर लौट रहे थे। रात करीब 10:22 बजे सेमली धाकड़ जोड़ के पास पीछे से आ रही HF डीलक्स बाइक पर सवार तीन युवकों ने उनकी बाइक में लात मारी, जिससे परवेज खान गिर पड़े। इसके बाद तीनों आरोपियों ने चाकू दिखाकर उनकी बाइक, वीवो कंपनी का मोबाइल फोन और पर्स में रखे 17 हजार रुपए लूट लिए और फरार हो गए। इंजन खुद की बाइक में लगा लिया था
घटना के बाद खुजनेर पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। साइबर सेल की मदद से मोबाइल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया गया। इसी आधार पर पुलिस धर्मेन्द्र अहिरवार (21), निवासी बोडा तक पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया। वारदात में शामिल दो नाबालिगों को भी पकड़ा गया। पुलिस जांच में एक और अहम खुलासा हुआ। लूटी गई मोटरसाइकिल का इंजन भगवानसिंह यादव (38), निवासी नुन्याहैडी, थाना बोडा ने निकालकर अपनी बाइक में इस्तेमाल कर लिया था। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटा गया मोबाइल फोन, क्षतिग्रस्त हालत में लूटी गई मोटरसाइकिल और वारदात में प्रयुक्त HF डीलक्स बाइक बरामद की है। बरामद कुल मशरूका की अनुमानित कीमत करीब 90 हजार रुपए बताई गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *