गुरुवार को सिख समाजजन ने श्री गुरु सिंघ सभा इंदौर के तत्वावधान में विशाल नगर कीर्तन निकाला। नगर कीर्तन में बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए। जगह-जगह नगर कीर्तन का स्वागत किया गया। शहर की साध संगत के सहयोग से गुरु गोबिंद सिंह महाराज के प्रकाश गुरुपर्व बड़े स्तर पर मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में गुरुवार को विशाल नगर कीर्तन निकाला गया। इसमें सिख समाज की शैक्षणिक और सामाजिक जत्थेबंदियां संयुक्त रूप से शामिल हुई।
नगर कीर्तन टावर चौराहे से शुरू होकर विभिन्न मार्गों से होते हुए गुरुद्वारा तोपखाना साहिब पर संपन्न होगा। नगर कीर्तन में बड़ी संख्या में सिख समाजजन शामिल हुए। पुरुष सफेद कुर्ते-पजामे और नीली पगड़ी में नजर आए। वहीं महिला भी सफेद ड्रेस और नीला दुपट्टे में शामिल हुए। मंच से कई जगह नगर कीर्तन का स्वागत किया गया। तीन दिन सजेंगे दीवान
श्री गुरु सिंह सभा, इंदौर अध्यक्ष स.हरपाल सिंह भाटिया व महासचिव स. प्रितपाल सिंह भाटिया ने बताया कि प्रकाश गुरुपर्व का तीन दिवसीय विशाल गुरमति समागम गुरुवार (शाम) एवं शुक्रवार (सुबह) के दीवान गुरुद्वारा तोपखाना साहिब में सजाए जाएंगे। शुक्रवार शाम एवं 27 दिसंबर की सुबह के गुरमत दीवान राज मोहल्ला स्थित श्री गुरु तेग बहादुर स्टेडियम में सजाए जाएंगे। विशाल गुरमति समागम में कीर्तनकार भाई सरबजीत सिंह जी (पटना साहिब वाले), भाई कमलदीप सिंह जी (चंबा वाले) एवं गुरमत विचारक ज्ञानी बलविंदर सिंह जी (हेड ग्रंथी सिंह जी, श्री दरबार साहिब जी, श्री अमृतसर जी) इंदौर पधार रहे हैं।
सभा द्वारा सिख समाजजनों से विशेष रूप से आग्रह है कि समस्त गुरु नानक नाम लेवा साध संगत प्रकाश गुरुपर्व से संबंधित सभी कार्यक्रमों में अपनी हाजिरी भरकर गुरु घर की अपार खुशियां प्राप्त करें।


