उज्जैन में गुरु गोविंद सिंह प्रकाश पर्व पर नगर कीर्तन:सिख समाज में उत्साह; बाहर से आए कथाकार और गतका दल हुए शामिल

गुरु गोविंद सिंह जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में सिख समाज द्वारा गुरुवार को नगर कीर्तन का आयोजन किया गया। उज्जैन के फ्रीगंज स्थित गुरुद्वारा सुख सागर से शुरू हुए इस कीर्तन में बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए। दोपहर 3 बजे से प्रारंभ हुआ नगर कीर्तन विभिन्न मार्गों से होकर गुजरा। इस दौरान समाजजनों ने पुष्प वर्षा कर इसका स्वागत किया। नगर कीर्तन का समापन गुरुद्वारा दूधतलाई पर हुआ, जहां सभी समाज के लिए लंगर की सेवा की गई। सिख समाज द्वारा गुरु गोविंद सिंह के प्रकाश पर्व पर पांच दिवसीय आयोजन विभिन्न गुरुद्वारों में किए जा रहे हैं। गुरुद्वारा सुख सागर फ्रीगंज के अध्यक्ष चरणजीत सिंह कालरा ने बताया कि गुरुद्वारे में अखंड पाठ साहिब की समाप्ति के बाद गुरबाणी कीर्तन और कथा विचार के साथ लंगर की सेवा हुई, जिसके बाद नगर कीर्तन प्रारंभ किया गया। नगर कीर्तन में पंच प्यारे, उज्जैन की संगत, बाहर से आए कथाकार, गतका पार्टी, बैंड और डीजे शामिल थे। बैंड पर शबद कीर्तन का गायन किया जा रहा था। सिख समाज की ओर से ‘सभी मिलकर रहें, संगत और पंगत एक हो’ का संदेश दिया गया। नगर कीर्तन के दौरान गुरु ग्रंथ साहिब की पालकी भी शामिल थी। गुरुद्वारा सुख सागर से कीर्तन शुरू होने से पहले सिख समाज की महिला सदस्यों ने झाड़ू लगाकर और पानी डालकर रास्ते की सफाई की। कीर्तन दल में शामिल गतका दल के सदस्यों ने तलवार और लाठी से अपने शौर्य का प्रदर्शन किया। यह नगर कीर्तन फ्रीगंज गुरुद्वारा से प्रारंभ होकर घास मंडी चौराहा, गुरुनानक मार्केट, टावर चौक, चामुंडा माता चौराहा और देवास गेट होते हुए गुरुद्वारा दूध तलाई पर समाप्त हुआ। तस्वीरों में देखिए नगर कीर्तन

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *