सलूम्बर में राजस्थान शिक्षक संघ (राष्ट्रीय) जिला शाखा का आवासीय कार्यकर्ता विकास वर्ग बुधवार शाम शुरू हुआ। यह प्रशिक्षण वर्ग अब ‘अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, राजस्थान’ के नाम से कार्यशील रहेगा। इसका शुभारंभ विद्यानिकेतन माध्यमिक विद्यालय, डाल चौराहा में विधिवत रूप से किया गया। जिलाध्यक्ष हिमांशु भट्ट ने बताया कि यह दो रात्रि और दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण वर्ग है। बुधवार शाम उद्घाटन सत्र में परिचय सत्र के साथ वर्ग की शुरुआत हुई। गुरुवार सुबह द्वितीय सत्र में विभाग संगठन मंत्री देवीलाल पटेल ने प्रशिक्षण वर्ग के उद्देश्य और महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संगठन को सशक्त बनाने के लिए प्रशिक्षित एवं वैचारिक रूप से समर्पित कार्यकर्ताओं की आवश्यकता होती है। तृतीय सत्र में पूर्व प्रदेश महिला मंत्री जयमाला पानेरी ने ‘प्रभावी प्रार्थना सभा एवं हमारा विद्यालय–हमारा स्वाभिमान’ विषय पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि प्रार्थना सभा विद्यालय के परिवेश की आत्मा होती है, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों में वैचारिक परिवर्तन और संस्कारों का निर्माण संभव है। चतुर्थ सत्र में संभाग संयुक्त मंत्री रमेशचंद्र पुरोहित ने ‘वैचारिक अधिष्ठान, कार्यकर्ता एवं कोष’ विषय पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि कार्यकर्ता, कार्यालय, कोष और कार्यक्रम के माध्यम से ही संगठन को अखिल भारतीय स्तर पर पहचान मिलती है। पंचम सत्र में संभाग उपाध्यक्ष कैलाशचंद्र सुथार ने कहा कि राजस्थान शिक्षक संघ (राष्ट्रीय) एक राष्ट्रीय विचारधारा से प्रेरित संगठन है। यह ‘राष्ट्र प्रथम’ के उद्देश्यों को आने वाली पीढ़ी तक पहुंचाने का कार्य करता है। उन्होंने संगठन के निर्माण से लेकर कार्यपद्धति तक की विस्तृत जानकारी दी। जिला मंत्री कमल आमेटा ने बताया कि गुरुवार को ‘पंच परिवर्तन’, ‘विमर्श’ और ‘प्रवासी कार्यकर्ता योजना निर्माण’ सहित समापन सत्रों का आयोजन किया जाएगा। इन सत्रों में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत कार्यवाह शंकरजी माली, विभाग कार्यवाह नारायणजी मेहता और जिला संघचालक धर्मनारायणजी मोड़ का प्रबोधन प्राप्त होगा।


