जोधपुर के रामलीला मैदान (रावण का चबूतरा मैदान) में चल रहे 35वें पश्चिमी राजस्थान उद्योग हस्तशिल्प उत्सव 2026 में शुक्रवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शिरकत करेंगे। मुख्यमंत्री 26 दिसंबर को सुबह 11:15 बजे जोधपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे और 11:30 से 12:45 बजे तक उत्सव स्थल पर विभिन्न स्टॉल्स व ऑपरेशन सिंदूर थीम आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे। इस बार पश्चिमी राजस्थान उद्योग हस्तशिल्प उत्सव ऑपरेशन सिंदूर की थीम पर आयोजित किया जा रहा है। उत्सव में सेना, बीएसएफ और एयरफोर्स की ओर से चल रही भर्ती प्रक्रियाओं और गतिविधियों की जानकारी युवाओं को दी जा रही है। संक्षिप्त दौरा, सीधे जयपुर वापसी मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा उत्सव में भाग लेने के बाद दोपहर 12:55 बजे जोधपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। कार्यक्रम के अनुसार वे दोपहर 1 बजे जोधपुर से जयपुर के लिए प्रस्थान करेंगे। प्रशासन और आयोजक मंडल ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं, ताकि सीमित समय के इस दौरे में मुख्यमंत्री उत्सव की मुख्य झलकियां और थीम आधारित प्रदर्शनी देख सकें। आधुनिक हथियारों की प्रदर्शनी रामलीला मैदान में बनाए गए विशेष डोम में भारतीय सेना के प्रमुख वेपन ब्रह्मोस और एस-400 की प्रतिकृति लगाई गई है, जो युवाओं और आमजन के लिए बड़ा आकर्षण है। साथ ही आधुनिक हथियारों की प्रदर्शनी और आत्मनिर्भर भारत अभियान से जुड़े लाइव मैन्युफैक्चरिंग यूनिट भी लगाए गए हैं, जहां मौके पर ही उत्पाद तैयार होते दिखाए जा रहे हैं। 15 डोम, 800 से ज्यादा स्टॉल्स और पंच गौरव उत्सव में 15 अलग-अलग डोम बनाए गए हैं, जिनमें 800 से अधिक स्टॉल्स पर उद्योग, हस्तशिल्प, कृषि व विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़े उत्पाद और सेवाएं प्रदर्शित की जा रही हैं। करीब 220 स्टॉल्स केंद्र और राज्य सरकार के विभिन्न विभागों के लिए आरक्षित हैं, जहां योजनाओं और सब्सिडी से जुड़ी जानकारी दी जा रही है। राज्य सरकार की पंच गौरव पहल के तहत हर जिले के एक प्रमुख उत्पाद, एक खेल, एक कृषि उत्पाद, एक पर्यटन स्थल और एक वन उत्पाद को अलग डोम में विशेष रूप से प्रदर्शित किया जा रहा है, ताकि जिले की विशिष्ट पहचान और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मंच मिल सके। बिजनेस सेमिनार, सांस्कृतिक संध्या और प्रतियोगिताएं उत्सव में रोजाना दोपहर में MSME, आत्मनिर्भर भारत, महिला उद्यमिता, पंच गौरव योजना, श्रम कानून और सामाजिक सरोकारों पर बिजनेस सेमिनार और वर्कशॉप आयोजित हो रहे हैं। शाम 7 से 10 बजे तक सांस्कृतिक संध्या में देशभक्ति थीम, राजस्थानी लोक नृत्य, फैशन शो, कवि सम्मेलन और कॉमेडी कार्यक्रम सहित विविध प्रस्तुतियां दी जा रही हैं। महिलाओं और बच्चों के लिए मेहंदी, ड्राइंग, फैंसी ड्रेस, अग्निरहित पाककला, कशीदाकारी, गायन, चेस और पॉट पेंटिंग जैसी प्रतियोगिताएं रखी गई हैं, जिनमें बड़ी संख्या में प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। आमजन के लिए बोइंग विमान पर नाम मात्र शुल्क में सेल्फी की विशेष व्यवस्था भी उत्सव का आकर्षण है।


