आलीराजपुर के जोबट में बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों के विरोध में गुरुवार को आक्रोश देखा गया। नगर की सड़कों पर ‘बांग्लादेश मुर्दाबाद’ लिखे पोस्टर चिपकाए गए। दरअसल, यह विरोध बांग्लादेश में हाल ही में भड़की हिंसा के बाद सामने आया है। पिछले साल तत्कालीन शेख हसीना सरकार के खिलाफ आंदोलन में शामिल रहे इंकलाब मंच के प्रवक्ता शरीफ उस्मान हादी की सिंगापुर में मौत के बाद बांग्लादेश में एक बार फिर हिंसा भड़क उठी है। हिंदू युवक की बेरहमी से हत्या पर जताया विरोध राजधानी ढाका सहित कई शहरों में हिंसक प्रदर्शन हुए। इन प्रदर्शनों के दौरान ईशनिंदा का आरोप लगाकर एक कपड़ा फैक्ट्री में काम करने वाले हिंदू युवक की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। बाद में उसके शव को पेड़ से बांधकर जला दिया गया। इसके अलावा, बांग्लादेश में लगातार हिंदुओं को निशाना बनाया जा रहा है। उन पर अत्याचार, मंदिरों में तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। सड़क पर अज्ञात लोगों ने लगाए पोस्टर इन घटनाओं के विरोध में जहां पूरे देश में आक्रोश है, वहीं जोबट में भी ‘बांग्लादेश मुर्दाबाद’ वाले पोस्टरों के माध्यम से विरोध दर्ज कराया गया है। हालांकि, ये पोस्टर किसने लगाए, यह अभी स्पष्ट नहीं है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार और धार्मिक स्थलों में तोड़फोड़ मानवाधिकारों का उल्लंघन है, जिस पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय को संज्ञान लेना चाहिए।


