डूंगरपुर में शीतलहर का प्रकोप बढ़ने के साथ जनजीवन प्रभावित हो रहा है। जिले में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। शीतलहर को लेकर जिला कलेक्टर अंकित कुमार सिंह ने मंगलवार को एक महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। कलेक्टर के आदेश जारी कर जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में कक्षा 1 से 8 तक के स्टूडेंट्स के लिए 15 और 16 जनवरी को अवकाश घोषित किया है। साथ ही आंगनवाड़ी केंद्रों और मां-बाड़ी केंद्रों में भी छुट्टी रहेगी। हालांकि यह छुट्टी केवल छात्र-छात्राओं के लिए है। शिक्षकों को स्कूल में उपस्थित रहना होगा और स्कूल निर्धारित समय तक खुले रहेंगे। शीतलहर से बच्चों को होने वाली परेशानी को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। कड़ाके की ठंड के कारण जिले में जनजीवन प्रभावित हो रहा है, विशेषकर छोटे बच्चे इससे अधिक प्रभावित हो रहे हैं।


