शहर के अनंतपुरा थाना क्षेत्र में बेख़ौफ बदमाशों ने दिन दहाड़े सेल्समैन पर लाठी डंडों से हमला कर दिया। इतना ही नही बदमाशों ने बाइक से टक्कर मार सेल्समैन को नीचे गिरा दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच बचाव किया। जिसके बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। बदमाशों की करतूत पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पीड़ित सेल्समैन ने अनंतपुरा थाने में इसकी शिकायत दी है। पूरा विवाद आई.पी.आई.ए भामाशाह मंडी रोड़ स्थित किरण एंटरप्राइजेज (पेट्रोल पंप) पर कार में डीजल भरवाने के पैसे मांगने पर हुआ। पेट्रोल पंप मैनेजर अख्तर ने बताया कि दोपहर साढ़े 12 बजे करीब पेट्रोल पंप पर एक कार आकर रूकी। कार सवार ने 2 हजार का डीजल डलवाया। उसने कार्ड स्कैन कर पैसा ट्रांसफर करने की बात कहीं और मौके से चला गया। सेल्समैन ने अकाउंट चैक किया तो उसमें पैसा नहीं आया। सेल्समैन आदिल ने कार सवार का पीछा किया। कार को रुकवाकर पैसा ट्रांसफर करने को कहा। वहां दोनों के बीच कहासूनी हुई। अख्तर पेट्रोल पंप पर आ गया। 10 से 15 मिनट बाद तीन बाइक पर 7-8 बदमाश आए। उनके हाथों में लाठी डंडे थे। उन्होंने गाली गलौच करते हुए आदिल को बाइक से टक्कर मार गिरा दिया। फिर डंडो से हमला किया। मौके पर मौजूद अन्य सेल्समैन व लोगो ने बीच बचाव किया। आरोपी बदमाश मौके से भाग गए। इसकी शिकायत थाने में दी है।


