सिरोही में मकर संक्रांति का त्योहार धार्मिक उत्साह और सामाजिक सद्भाव के साथ मनाया गया। मंगलवार की सुबह से ही जिला मुख्यालय और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की भीड़ मंदिरों में उमड़ पड़ी। लोगों ने देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया और दान-पुण्य का कार्य किया। युवाओं से लेकर बच्चों और बुजुर्गों तक ने पतंगबाजी का आनंद लिया। डीजे की धुन पर लोगों ने देर शाम तक जश्न मनाया। हालांकि चाइनीज मांझे के इस्तेमाल से एक हादसा भी सामने आया। पिंडवाड़ा में एक युवक का हाथ मांझे से कट गया। जिसका सरकारी अस्पताल में इलाज किया गया और टांके लगाए गए। इस मौके पर सामाजिक संस्थाओं ने भी बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया। माली समाज वेलफेयर सोसाइटी सिरोही ने भामाशाहों के सहयोग से पोसालिया और अरठवाड़ा गांव के करीब 150 जरूरतमंद लोगों को कंबल, स्वेटर और गर्म कपड़े वितरित किए। दूरदराज से आए लोगों को स्थानीय निवासियों ने खाद्य सामग्री, कपड़े, कंबल और शॉल दान कर सामाजिक एकता का परिचय दिया।


