ग्वालियर में घर से खेलने जाने की बात कहकर निकला 10 साल का छात्र लापता हो गया। यह घटना 8 जनवरी को गिरवाई थाना क्षेत्र के आदिवासी का पुरा गिरवाई की है। जब बालक के लापता होने का पता परिजनों को चला, तो उन्होंने अपने स्तर पर तलाश शुरू की। काफी तलाश के बाद भी जब बालक का कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजन थाने पहुंचे और मामले की शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने सोमवार रात को लापता बालक की उम्र को देखते हुए अपहरण का मामला दर्ज किया है। बालक की तलाश में पुलिस ने उसके घर के आसपास से लेकर रेलवे स्टेशन तक के सीसीटीवी कैमरों की जांच की है। गिरवाई थाना क्षेत्र के आदिवासी का पुरा निवासी यह दस वर्षीय बालक चार दिन पहले घर से खेलने के लिए निकला था। जब वह देर रात तक वापस नहीं आया, तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। उन्होंने नाते-रिश्तेदारों और दोस्तों से भी पूछताछ की, लेकिन बालक का कोई सुराग नहीं मिला। आखिरकार, परिजन थाने पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपहरण का मामला दर्ज किया। CCTV कैमरे खंगाल रही पुलिस सोमवार को बालक के परिजन थाने पहुंचे और अपहरण की आशंका जताई। बालक की उम्र को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी। हालांकि, सबसे बड़ी समस्या यह है कि बालक के घर के आसपास सीसीटीवी कैमरे नहीं हैं। इसके चलते पुलिस अब कंट्रोल रूम और मुख्य बाजारों में लगे कैमरों की जांच कर रही है। बालक को माता-पिता का नहीं है सहारा जानकारी के अनुसार, लापता बालक का पिता नशे का आदी है और हमेशा शराब के नशे में रहता है। वहीं, उसकी मां कई साल पहले उसे और उसके पिता को छोड़कर किसी अन्य व्यक्ति के साथ रहने लगी थी। इसलिए बालक की देखभाल अन्य परिजन कर रहे थे। इस मामले में गिरवाई थाना टीआई सुरेन्द्र नाथ सिंह यादव ने बताया कि एक दस वर्षीय बालक लापता हुआ है। लापता बालक की तलाश के लिए CCTV कैमरे खंगाले जा रहे है। अभी बालक का पता नहीं चला है और पुलिस की दो टीमें उसकी तलाश में जुटी हुई हैं।


