तलवाड़ा जैन मंदिर में चोरी का रोष:विधायक मीणा पहुंचे लोगों के बीच, कस्बे में थाना बनाने और जाब्ता बढ़ाने की मांग रखी

सदर थाना क्षेत्र के तलवाड़ा कस्बे में दो दिन पहले जैन मंदिर में हुई लाखों की चोरी के मामले में लोगों के बढ़ते विरोध को देखते हुए गढ़ी विधायक कैलाश मीणा मंगलवार रात को कस्बे में पहुंचे। जहां उन्होंने मंदिर के सभागार में समाजजनों सहित गांव के अन्य लोगों के साथ बैठकर समस्या जानी। उन्होंने एक एक समस्या को गंभीरता से सुना। लोगों ने शुरुआत में बताया कि इतना बड़ा कस्बा होने के बाद भी यहां सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं है। 20 हजार की आबादी में महज 2 पुलिसकर्मी का जाब्ता दे रखा है। चोरी के दो दिन बाद भी खुलासा नहीं किया गया। चोर अब घरों को छोड़कर मंदिरों को निशाना बना रहे हैं क्योंकि मंदिर लोगों का सॉफ्ट कॉर्नर होता है। बीते दिनों नौगामा में भी मंदिरों को चोरों ने निशाना बनाया है उसका भी खुलासा नहीं किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष लाभचंद पटेल ने कहा कि यह घटना सच में दुखदाई है। मैने स्वयं इसे गंभीर समझते हुए तत्काल एसपी और आईजी से बात की। यहां की वर्तमान में प्रमुख समस्या जाब्ते की है विश्वास दिलाता हूं कि दो दिन में जाब्ते की समस्या नहीं रहेगी। पूर्व पार्षद महावीर बोहरा ने भी चोरी पर नाराजगी जताते हुए इसे पुलिस प्रशासन की नाकामी बताया। अंत में विधायक कैलाश मीणा ने कहा कि चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों से बंटवाकर की थी, जयपुर होने के कारण तत्काल यहां नहीं आ पाया, आज आपके बीच हूं इसलिए विश्वास दिलाता हूं कि जल्द खुलासा कराएंगे। हमने पहले ही कस्बे में थाने का प्रस्ताव बनाकर भेजा था, इस बार बजट सत्र आ रहा है आईजी से बात कर इस बजट में प्रस्ताव बनाकर भेजकर जल्द घोषणा करने की कोशिश करेंगें। साथ ही यहां पर्याप्त जाब्ता मुहैया कराया जाएगा। इस दौरान चंद्रकांत खोड़निया, अनिल दोसी, खुशपाल दोसी, सुरेंद्र गांधी, मुकेश द्विवेदी, कमलेश मेहता सहित अन्य समाजजन मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *