मकर संक्रांति के मौके पर राजस्थान में जमकर पतंगबाजी और आतिशबाजी हुई। शहर से लेकर गांवों तक लोगों ने दिनभर पतंग उड़ाई और शाम होते ही लैंटर्न उड़ाने के साथ आतिशबाजी भी की। इस बीच अनेक स्थानों से दिल दहला देने वाली खबरें भी सामने आईं। जयपुर में पतंगबाजी के दौरान 49 से ज्यादा लोग घायल हो गए। बांसवाड़ा में चाइनीज मांझे से बाइक सवार की गर्दन कट गई। जबकि डीडवाना- कुचामन जिले में पतंग लूटते समय ट्रांसफॉर्मर की चपेट में आने से 9 साल के मासूम की मौके पर मौत हो गई। इसके साथ ही प्रदेशभर से करीब 60 से ज्यादा लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। डीडवाना-कुचामन: पतंग लूटते हए ट्रांसफॉर्मर की चपेट में आया मासूम
डीडवाना-कुचामन जिले में पतंग लूटते समय ट्रांसफॉर्मर की चपेट में आने से 9 साल के मासूम की मौत हो गई। बच्चा कटी पतंग को पकड़ने के लिए एक दीवार पर चढ़ गया था। इसी दौरान पास ही रखे ट्रांसफॉर्मर की चपेट में आ गया। हादसा शाम करीब साढ़े 4 बजे मकराना कस्बे के ईदगाह रोड पर हुआ। थानाधिकारी सुरेश कुमार ने बताया- परिजनों से जानकारी मिली है कि एक कटी हुई पतंग की डोर को पकड़ने के लिए इरफान (9) पुत्र सिकंदर अली ट्रांसफॉर्मर के पास बनी दीवार पर चढ़ गया। इस दौरान उसका हाथ हाई टेंशन लाइन से छू गया और वो करंट की चपेट में आकर ट्रांसफॉर्मर से चिपक गया। मकराना पुलिस ने शव को मकराना के सरकारी अस्पताल पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। जयपुर SMS हॉस्पिटल में डॉक्टर्स की लगी स्पेशल ड्यूटी जयपुर के पतंगबाजी के दौरान 2 दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए। ये सभी लोग उपचार के लिए जयपुर के सवाई मानसिंह हॉस्पिटल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचे। इनमें से 10 मरीज ऐसे है, जिनके पतंग उड़ाने के दौरान गिरने या लूटने के दौरान टक्कर लगने से सिर में चोट आई है। वहीं 11 मरीज ऐसे है, जिनके मांझे से चेहरे, हाथ और गले आदि जगह पर कट लग गए। डॉक्टर के मुताबिक करीब 10 गंभीर मरीजों को पोलीट्रॉमा वार्ड में भर्ती किया है। ट्रॉमा सेंटर के इंचार्ज और ऑर्थोपेडिक्स डिपार्टमेंट के सीनियर प्रोफेसर डॉ. अनुराग धाकड़ ने बताया- हॉस्पिटल में 13 से 15 जनवरी तक के लिए इमरजेंसी में विशेष व्यवस्था की गई है। इसमें ऑर्थोपेडिक्स, न्यूरोसर्जरी के अलावा एनीस्थिसिया, जनरल सर्जरी, प्लास्टिक सर्जरी और ईएनटी के डॉक्टर्स की भी ड्यूटी लगाई है। डॉ. धाकड़ ने बताया- कि 13 जनवरी से आज शाम 5 तक कुल 49 मरीज ट्रॉमा सेंटर में अब तक आ चुके है, जो पतंगबाजी के दौरान घायल हुए है। इसमें से 10 मरीजों के सिर में चोट लगी है। जबकि 11 मरीज मांझे से कटने के बाद उपचार के लिए यहां पहुंचे। इसे देखते हुए न्यूरोसर्जरी और ऑर्थोपेडिक्स के डॉक्टर्स भी राउंड द क्लॉक ड्यूटी पर मौजूद रहे। चूरू में पतंग उड़ाते हुए छत से गिरा नाबालिग चूरू के कोतवाली थाना क्षेत्र के वार्ड 12 में छत पर पतंग उड़ाते हुए नाबालिग छत से नीचे गिर गया। हादसे में नाबालिग गंभीर घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अरमान (13) अपने 5 साथियों के साथ छत पर पतंग उड़ा रहा था। पतंग उड़ाते समय अरमान छत की मुंडेर पर चढ़ गया और ध्यान भटकने के कारण संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर गया। परिजन तुरंत घायल अरमान को निजी वाहन से डीबी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में लेकर पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम अरमान का इलाज कर रही है। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल में परिवार के सदस्यों और मोहल्ले के लोगों की भीड़ जमा हो गई। बांसवाड़ा में चाइनीज मांझे से बाइक सवार की गर्दन कटी शहर के हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में चाइनीज मांझे से एक बाइक सवार युवक की गर्दन कट गई। टामटिया गांव निवासी केशु और लक्ष्मण बाइक से बांसवाड़ा आ रहे थे। तब ही रास्ते में अचानक आए चाइनीज मांझे ने लक्ष्मण की गर्दन को गंभीर रूप से घायल कर दिया। उसे तत्काल एमजी अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने 10 टांके लगाकर उसकी जान बचाई। दूसरे हादसे में केशु नाम के युवक की अंगुलियों में चाइनीज मांझा फंस गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया। दोनों घायलों की स्थिति सामान्य हैं। पाली में पतंग के मांझे से दंपती समेत 5 घायल पाली में मकर संक्रांति पर पतंग के मांझे के कारण 5 जने घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए पाली के बांगड़ हॉस्पिटल लाया गया। गनीमत रही कि किसी को भी गंभीर चोट नहीं लगी। पाली के नजदीक चोटिला गांव में 10 साल का चिंटू छत पर पतंग उड़ा रहा था। इस दौरान पतंग उड़ाते-उड़ाते उसका पैर फिसल गया और वह मकान की सीढ़ियों से होते हुए नीचे गिर गया। हादसे में उसके सिर और चेहरे पर चोट आई। इलाज के लिए उसे पाली के बांगड़ हॉस्पिटल परिजन लेकर पहुंचे। जिसका उपचार कर छुट्टी दे दी गई। शहर के अम्बेडकर नगर में भी पतंग का मांझा एकत्रित करते हुए 20 साल की सरोज पुत्री चम्पालाल की उंगली में कट लग गया। इलाज के लिए उसे पाली के बांगड़ हॉस्पिटल लाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। डूंगरपुर में पतंगबाजी के दौरान विवाद, इलाके में पुलिस तैनात
डूंगरपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र के फौज का बडला और घाटी मोहल्ले में पतंगबाजी के दौरान दो समुदायों के युवकों के बीच विवाद हो गया। कोतवाली थानाधिकारी भगवानलाल ने बताया- मकर संक्रांति के अवसर पर फौज का बडला इलाके में कुछ युवक घरों की छतों पर पतंगबाजी कर रहे थे। इसी दौरान दूसरे समुदाय के युवकों ने छतों पर आकर विवाद करना शुरू कर दिया। बात बढ़ते ही दोनों पक्षों के युवक इकट्ठा हो गए और माहौल बिगड़ने लगा। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंचीं। पुलिस के पहुंचते ही दोनों पक्षों के युवक भागने लगे। हालांकि, पुलिस ने दोनों पक्षों के कुछ युवकों को डिटेन कर लिया। इलाके में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस ने गश्त बढ़ा दी है। प्रशासन ने स्थानीय लोगों से शांति और सहयोग बनाए रखने की अपील की है। मकर संक्रांति से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें- जयपुर में आतिशबाजी और लालटेन से जगमगाया आसमान:दिनभर उड़ी पतंगें, अक्षय कुमार ने लड़ाए पेंच; नागौर में उड़ाई 10 फीट की पतंग आज पूरे राजस्थान में मकर संक्रांति मनाई जा रही है। जयपुर, सीकर समेत प्रदेश के कई जिलों में मंगलवार को दिनभर पतंगबाजी से आसमान सतरंगी रहा। जयपुर में सूरज ढलने के बाद लैंटर्न (लालटेन) और आतिशबाजी से रात में आसमान जगमगा उठा। (पूरी खबर पढ़ें)


