रींगस पुलिस थाने में एक महिला ने अपने पति और उसकी दूसरी पत्नी सहित चार लोगों के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज कराया है। महिला का आरोप है कि उसे धोखे से आभावास के जंगल में बुलाया गया और वहां बेरहमी से पीटा गया। पुलिस के अनुसार, श्रीमाधोपुर के भोजलाई जोहड़ा निवासी ग्यारसी देवी (30), पत्नी हरि बावरिया ने यह मुकदमा दर्ज कराया है। ग्यारसी देवी ने बताया कि उसके जेठ महेश और जेठानी कमली देवी ने उसे किसी काम के बहाने छोटी चौमू स्थित अपने घर बुलाया था। विश्वास करके वह छोटी चौमू पहुंच गई। इसके बाद उसके पति हरि और पति की दूसरी पत्नी अनिता देवी उसे आभावास के जंगल में ले गए। वहां उन्होंने लाठी, सरिया और लोहे के पाइप से ग्यारसी देवी के साथ मारपीट शुरू कर दी। अनिता देवी कथित तौर पर मारते हुए कह रही थी कि “ग्यारसी को मारने के बाद ही मैं इस घर में रहूंगी।” ग्यारसी देवी की चीख-पुकार सुनकर बकरियां चरा रहे कुछ लोग मौके पर पहुंचे और उसे हमलावरों से छुड़ाया। मारपीट में गंभीर रूप से घायल होने के कारण उसे काफी खून बह गया और कमजोरी आ गई। उसने अपनी ननद को फोन किया, जिसके बाद ननद और उसके बेटे ने उसे खाटूश्यामजी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में उसकी नाक का ऑपरेशन किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) धर्मेंद्र कुमार को सौंपी गई है।


