तिंवरी तहसील के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय बस्सी नगर की कक्षा 8 की छात्रा मोनिका ने सांसद खेलकूद प्रतियोगिता 2025 में 100 मीटर दौड़ में पाली लोकसभा स्तर पर प्रथम स्थान हासिल किया है। स्कूल के शिक्षकों ने कहा कि मोनिका की यह जीत उनके अनुशासन, निरंतर अभ्यास और कड़ी मेहनत का परिणाम है। ग्रामीण क्षेत्र से आते हुए उन्होंने साबित किया है कि प्रतिभा किसी अवसर की मोहताज नहीं होती। उनकी सफलता ने गांवों में छिपी युवा प्रतिभाओं की क्षमता को एक बार फिर साबित किया है। शारीरिक शिक्षक का रहा मार्गदर्शन मोनिका ने बताया कि उनकी उपलब्धि में विद्यालय के शारीरिक शिक्षक अमरेंद्रजीत सिंह का योगदान महत्वपूर्ण रहा। उनके नियमित प्रशिक्षण, तकनीकी मार्गदर्शन और मानसिक प्रोत्साहन ने मोनिका को प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए तैयार किया। विद्यालय और ग्रामीणों ने दी बधाई विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों, छात्रों और स्थानीय ग्रामीणों ने मोनिका को इस उपलब्धि पर बधाई दी है। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि मोनिका आगे भी राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में धमाकेदार प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन करेंगी।


