डूंगरपुर के फौज का बडला घाटी मोहल्ले में मकर संक्रांति के अवसर पर पतंगबाजी को लेकर दो समुदायों के बीच तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। घटना मंगलवार शाम करीब साढ़े 5 बजे उस समय हुई जब एक समुदाय के युवक छतों पर पतंगबाजी कर रहे थे और दूसरे समुदाय के युवकों ने आकर विवाद शुरू कर दिया। मामला तब और बिगड़ गया जब दोनों पक्षों के कई युवक मौके पर एकत्र हो गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली थानाधिकारी भगवानलाल अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में युवक भागने लगे, जिसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के कुछ युवकों को हिरासत में ले लिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए एएसपी और सदर थानाधिकारी हरेंद्र सौदा भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र का जायजा लिया। तनाव को देखते हुए पुलिस बल को मोहल्ले में तैनात कर दिया गया। देर रात तक पुलिस ने घाटी और फौज का बडला मोहल्ले में हंगामा करने वाले बदमाशों की धरपकड़ के लिए दबिश की कार्रवाई जारी रखी। स्थानीय प्रशासन स्थिति पर पैनी नजर रखे हुए है और क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए सतर्क है। बाजार बंद
माहौल तनावपूर्ण होने के बाद पुराने शहर में बाजार बंद हो गया। लोगों ने दोनों समुदाय के बीच तनाव को देखते हुए अपनी दुकानें बंद कर दी। वहीं, दिनभर मकर संक्रांति को लेकर घरों की छतों पर रहे लोग भी उतरकर घरों में कैद हो गए। हालांकि पुलिस जगह-जगह तैनात होने के बाद माहौल शांतिपूर्ण है। शहर के दर्जीवाडा, माणक चौक, फौज का बडला, घाटी मोहल्ले में पुलिस के अधिकारी से लेकर अतिरिक्त पुलिस बल को तैनात किया है।


