बड़वानी में सांसद खेल महोत्सव 2025 का समापन हो गया। गुरुवार को प्रतियोगिताओं के फाइनल मुकाबले खेले गए। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का गुजरात के जूनागढ़ से वर्चुअली लोगों को संबोधित किया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश के युवाओं और खिलाड़ियों का आत्मविश्वास भारत की उभरती शक्ति का सशक्त प्रतीक है। उन्होंने फाइनल मुकाबलों में भाग लेने वाले खिलाड़ियों से संवाद के दौरान दिखी ऊर्जा, उत्साह और आत्मविश्वास को नए भारत की पहचान बताया। आज का युवा खेल के साथ-साथ स्टार्टअप, स्पेस, साइंस और टेक्नोलॉजी सहित हर क्षेत्र में देश का नाम रोशन कर रहा है, जो आत्मनिर्भर और विकसित भारत की मजबूत नींव है। बड़वानी जिले को मध्यप्रदेश में प्रथम स्थान मिला सांसद गजेन्द्रसिंह पटेल ने बताया कि सांसद खेल महोत्सव में जिले ने पंजीकरण में मध्यप्रदेश में प्रथम और देश में आठवां स्थान प्राप्त कर उपलब्धि हासिल की। दो महीने तक चले इस महोत्सव में 55 हजार से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया। इसमें पारंपरिक खेलों सहित कुल 23 खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतिभागी खिलाड़ियों का जोश, अनुशासन और समर्पण खेल के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने इस महोत्सव को युवाओं में “फिट इंडिया- विकसित भारत” के संकल्प को सशक्त करने की दिशा में एक प्रभावी पहल बताया। प्रतियोगिताओं के बाद विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों और टीमों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। महिला वर्ग: प्रतियोगिताओं के परिणाम और पुरस्कार महिला वर्ग की लॉन टेनिस प्रतियोगिता में न्यासा पाटीदार विजेता रहीं, जिन्हें ₹11,000 मिले, वहीं उपविजेता श्रेया नायर को ₹21,000 का पुरस्कार दिया गया। तीरंदाजी में गरिमा सोलंकी ने पहला (₹21,000), रीमा रावत ने दूसरा (₹11,000) और हंसिका जाधव ने तीसरा स्थान (₹5,100) हासिल किया। 100 मीटर दौड़ में लक्ष्मी वास्कले पहले, वर्षा चौहान दूसरे और सविना सस्त्या तीसरे स्थान पर रहीं। पारंपरिक खेलों में नींबू रेस में परिधी भायल प्रथम, तनिष्का वर्मा द्वितीय और मनीषा सायबा तृतीय रहीं। चेयर रेस में आयुषी रावत ने पहला, सपना धनगर ने दूसरा और माही वर्मा ने तीसरा स्थान पाया। रस्साकशी की टीम प्रतियोगिता में एनसीसी पी.जी. कॉलेज सेंधवा विजेता (₹31,000) और सांदीपनी विद्यालय सेंधवा उपविजेता (₹21,000) रही। पुरुष वर्ग: प्रतियोगिताओं के परिणाम और पुरस्कार पुरुष वर्ग की लॉन टेनिस स्पर्धा में पिंटू आर्य विजेता बने जिन्हें ₹11,000 मिले, जबकि उपविजेता रोहित रावत को ₹21,000 का इनाम मिला। बैडमिंटन में संयम गुप्ता विजेता (₹21,000) और ऋषभ राठौड़ उपविजेता (₹11,000) रहे। 100 मीटर दौड़ में अजय आर्य ने पहला, आदर्श भावसार ने दूसरा और निलेश चौहान ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। ताकत के खेल पंजा कुश्ती में मनोज पटेल पहले (₹21,000), लोकेंद्र आर्य दूसरे (₹11,000) और मिनेश सोलंकी तीसरे स्थान (₹5,100) पर रहे। रस्साकशी के रोमांचक मुकाबले में सीरवी नवयुवक मंडल सेगांव विजेता (₹31,000) रही, जबकि साकेत इंटरनेशनल स्कूल अंजड़ को उपविजेता (₹21,000) का पुरस्कार मिला।


