इंदौर नगर निगम कमिश्नर दिलीप यादव ने आर्थिक अनियमितता और काम में लापरवाही बरतने पर एक सब इंजीनियर को सस्पेंड कर दिया है। मामला जोन-14, वार्ड 82 के प्रभारी सब इंजीनियर यशवीर सिंह यादव का है। दरअसल, सुदामा नगर में अमृत-2.0 योजना के तहत काम प्रस्तावित है। योजना की जानकारी संज्ञान में होने के बाद भी प्रभारी सब इंजीनियर यशवीर सिंह यादव द्वारा ड्रेनेज लाइन संबंधी काम बिना वरिष्ठों के संज्ञान में लाए कराया जाना अनुशासनहीनता और आर्थिक अनियमितता के तहत माना गया। प्रभारी सब इंजीनियर द्वारा काम के प्रति लापरवाही बरती गई और स्वैच्छिक कार्य प्रणाली अपनाते हुए काम किया गया। इस पर नगर निगम कमिश्नर द्वारा आदेश जारी करते हुए सब इंजीनियर यशवीर सिंह यादव को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया।


