भास्कर न्यूज | लुधियाना शहर में नशे के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। अलग-अलग इलाकों में छापेमारी और चेकिंग के दौरान पुलिस ने नशा सेवन और तस्करी से जुड़े 8 मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन कार्रवाइयों में हेरोइन, गांजा, नशीली गोलियां और नशा करने में इस्तेमाल होने वाला सामान बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, पुड्डा ग्राउंड पार्किंग में चेकिंग के दौरान सिकंदर भरद्वाज को काबू किया गया। उसके पास से एक लाइटर, सिल्वर पन्नी और 10 रुपए का नोट बरामद हुआ। इसी तरह विकास नगर के पास रेलवे लाइन के नजदीक नवदीप सिंह को नशा सेवन करते हुए पकड़ा गया, जिसके पास से भी यही सामान मिला। प्रताप चौक के पास कार्रवाई करते हुए पुलिस ने वरिंदर सिंह को 4 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया। वहीं गांव सुनेत में चेकिंग के दौरान दिलप्रीत सिंह को काबू कर उसके पास से नशा करने का सामान बरामद किया गया। ख्वाजा पीर की जगह के पास की गई छापेमारी में पुलिस ने जगतार सिंह को 35 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़ा। इसके अलावा बंद ठेका भामिया कलां के नजदीक पुलिस ने राकेश कुमार को 125 ग्राम गांजा सहित गिरफ्तार किया। रणजीत नगर इलाके में चेकिंग के दौरान रजत को नशा सेवन करते पकड़ा गया, जिसके पास से लाइटर, सिल्वर पन्नी और 10 रुपए का नोट मिला। वहीं चंदर लोक कॉलोनी में पुलिस ने विशाल शर्मा को 110 नशीली गोलियों के साथ काबू किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिए गए हैं।


