लुधियाना| शहर में प्रतिबंध के बावजूद बैन चाइना डोर का अवैध कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामले में मोती नगर इलाके में सीआईए स्टाफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 960 गट्टू बैन चाइना डोर बरामद की है। जानकारी के अनुसार 24 दिसंबर को सीआईए स्टाफ की टीम दिल्ली-जालंधर हाईवे स्थित ट्रांसपोर्ट नगर के पास रूटीन गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि सिमरन ट्रांसपोर्ट के सामने कुछ लोग बैन चाइना डोर की बड़ी खेप सप्लाई करने की फिराक में खड़े हैं। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मौके से तीन युवकों को काबू कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अक्षय बहल निवासी राजन एस्टेट हैबोवाल, लविश गुप्ता निवासी अटल नगर और गौरव कुमार निवासी लुधियाना के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से 960 गट्टू प्रतिबंधित चाइना डोर बरामद की।


