जालंधर| अर्बन एस्टेट स्थित एक कपड़े के शोरूम से अज्ञात चोर गल्ले से 18 हजार रुपए की नकदी लेकर फरार हो गए। वारदात शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। पीड़ित शोरूम मालिक विकास, निवासी अर्बन एस्टेट ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बीती रात शोरूम बंद कर घर चले गए थे। अगली सुबह जब शोरूम खोलने पहुंचे, तो ताले टूटे मिले। अंदर जाकर देखा तो शोरूम का सामान बिखरा पड़ा था और गल्ले से पैसे गायब थे। शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में चोरी की वारदात में एक चोर दिखाई दे रहा है। पीड़ित ने बताया कि चोर ने बहुत ही शातिर तरीके से वारदात को अंजाम दिया है। थाना-6 के एएसआई कुलविंदर सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पीड़ित के बयानों के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। इलाके के अन्य कैमरों की भी जांच की जा रही है।


