लुधियाना| शहर के लोगों को अब विदेशों में पार्सल भेजने के लिए कस्टम की क्लीयरेंस जल्दी मिलेगी। मुख्य डाकघर में हाईटेक स्कैनर मशीन लगने से अमेरिका, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और यूरोप समेत कई देशों के लिए भेजे जाने वाले खत और पार्सलों की जांच अब लुधियाना में ही हो सकेगी। इससे डिलीवरी समय में बड़ी कटौती आएगी और लोगों को लंबे इंतजार से राहत मिलेगी। पोस्ट ऑफिस के सीनियर सुपरिटेडेंट बलवीर सिंह ने बताया, मुख्य डाकघर में अत्याधुनिक स्कैनर मशीन जल्द स्थापित की जाएगी। अभी तक विदेश जाने वाले पार्सलों को पहले दिल्ली सुरक्षा जांच के लिए भेजा जाता था, जहां और क्लीयरेंस के बाद ही उन्हें आगे रवाना किया जाता था। इस प्रक्रिया में कई बार एक सप्ताह से ज्यादा लग जाता था। फिलहाल पोस्ट आफिस में पार्सलों की जांच मैनुअल तरीके से की जाती है। स्कैनर मशीन लगने के बाद पार्सलों की जांच होगी, जिससे प्रतिबंधित और संदिग्ध सामग्री की पहचान तुरंत हो सकेगी। अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा मानकों के अनुसार पार्सल भेज सकेंगे। नई व्यवस्था से व्यापारियों, छात्रों और आम नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा। भास्कर एक्सक्लूसिव- एक्सपोर्टरों का पंजीकरण शुरू डाक निर्यात केंद्र में अब एक्सपोर्टरों का पंजीकरण शुरू कर दिया गया है, करीब 100 से अधिक का हो चुका है। अब एक्सपोर्टर कम मात्रा में भी सामान विदेश भेज सकेंगे। पंजीकरण कराने वाले एक्सपोर्टरों को जरूरी दस्तावेजों के साथ डाक निर्यात केंद्र में आवेदन करना होगा। इसके साथ ही कस्टम क्लीयरेंस, पार्सल ट्रैकिंग आदि सुविधाएं मिलेगी। “


