सत्संग मंडली प्रतियोगिता में कुशडंड प्रथम जंगीपुर द्वितीय और अधौरा को तृतीय स्थान

भास्कर न्यूज | गढ़वा एकल श्री हरि संस्कार शिक्षा अंचल गढ़वा संच नगर उपसंच चेचरिया के तत्वावधान में शिव मंदिर पाल्हेकला के प्रांगण में सत्संग मंडली प्रतियोगिता का आयोजन भव्य रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ अंचल समिति सचिव एसएस वर्मा, अंचल समिति संस्कार शिक्षा अध्यक्ष अरुण कुमार मेहता, उपाध्यक्ष बिनोद मिश्रा, अंचल समिति सदस्य धर्मेंद्र सिंह, प्रभाग व्यास प्रमुख राजकिशोर यादव एवं अंचल अभियान प्रमुख जितेन्द्र कुमार यादव द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। उपसंच स्तरीय इस सत्संग मंडली प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल द्वारा किए गए मूल्यांकन के आधार पर संस्कार ग्राम कुशडंड को प्रथम स्थान, संस्कार ग्राम जंगीपुर को द्वितीय स्थान तथा संस्कार ग्राम अधौरा को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली सत्संग मंडली को श्रीरामचरितमानस ग्रंथ भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को श्रीरामचरितमानस ग्रंथ (गुटका) तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को सुंदरकांड और हनुमान चालीसा पुस्तक प्रदान की गई। इसके अलावा प्रतियोगिता में शामिल सभी प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार के रूप में हनुमान चालीसा पुस्तक देकर प्रोत्साहित किया गया। इस अवसर पर विभिन्न गांवों से आए सत्संग मंडली के प्रतिभागियों ने बारी-बारी से अपनी-अपनी कला और प्रस्तुति के माध्यम से धार्मिक एवं संस्कारयुक्त संदेश प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में भक्ति, अनुशासन और सांस्कृतिक मूल्यों की झलक देखने को मिली। प्रतिभागियों की प्रस्तुति ने उपस्थित श्रोताओं को भावविभोर कर दिया और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों एवं स्थानीय ग्रामवासियों को भोजन प्रसाद कराकर विदाई दी गई। आयोजन को सफल बनाने में उपसंच समिति के सुमन गोस्वामी, कामेश राम, विजय ठाकुर, राजू पासवान, अंचल प्रशिक्षण प्रमुख अशर्फी चौधरी, अंचल गतिविधि प्रमुख राजीव कुमार यादव, अंचल व्यास प्रमुख उपेंद्र राम, संच प्रशिक्षक सुनीता देवी, संच व्यास नंदू सिंह सहित विभिन्न गांवों से आए सत्संग मंडली के सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आयोजन के माध्यम से संस्कार, संस्कृति और धार्मिक चेतना को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *