भास्कर न्यूज | डंडई मदरसा गुलशन ए मुहम्मदी में उस समय खुशी और गर्व का माहौल देखने को मिला जब उक्त मदरसा के एक छात्र ने एक ही बैठक में पूरा कुरआन शरीफ सुनाकर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की। इस अनूठे कारनामे से न सिर्फ मदरसा प्रबंधन बल्कि शिक्षक, अभिभावक और स्थानीय लोग भी बेहद खुश नजर आए। छात्र की इस कामयाबी को अल्लाह की विशेष नेमत बताते हुए सभी ने उसकी मेहनत, लगन और अनुशासन की सराहना की। यह कारनामा गढ़वा जिला में मदरसा के किसी छात्र ने नहीं किया था। मिली जानकारी के अनुसार डंडई मदरसा गुलशन ए मुहम्मदी में आयोजित एक विशेष बैठक के दौरान डंडई निवासी अशफाक अंसारी के पुत्र साबिर अंसारी ने बिना रुके, पूरी तवज्जो और शुद्ध उच्चारण के साथ पूरा कुरआन करीम सुनाया। इस दौरान मदरसा के उलेमा व हाफिज मंजर आलम, मौलवी मुस्तकीम और अन्य शिक्षक सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। छात्र साबिर अंसारी ने पूरे आत्मविश्वास और एकाग्रता के साथ कुरआन सुनाया। जिससे वहां मौजूद लोग भावविभोर हो उठे। इस अवसर पर मदरसा में खुशी का माहौल देर तक बना रहा और लोग छात्र की इस कामयाबी को आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बताते रहे। इस मौके पर मुख्य रूप से उप मुखिया प्रतिनिधि याकूब अंसारी, गुलाम रसूल अंसारी, अशफाक अंसारी, सुभान अंसारी, तैयब अली, लाल मोहम्मद अंसारी, अकबर अंसारी, हजरत अंसारी, मुदस्सर अंसारी सहित अन्य लोग मौजूद थे।


