भास्कर न्यूज | डौंडी सर्व हिन्दू समाज ग्राम भर्रीटोला 36 के तत्वाधान में मंगलवार में हिन्दू सम्मेलन हुआ। मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त शिक्षक अवध राम ग्वाले रहे। आसपास के ग्रामीणों और अतिथियों ने भारत माता की जयघोष के साथ गली भ्रमण किया। सभा स्थल पर अतिथियों का सत्कार एवं स्वागत किया गया। मुख्य अतिथि अवध राम ग्वाले ने कहा कि समाज में जातिवाद और आपसी भेदभाव को भूलकर सभी को एकजुट रहना चाहिए और भारतीय संस्कृति व सनातन धर्म को बनाए रखना चाहिए। उन्होंने समुदाय के लोगों से अनुरोध किया कि वे अपने बच्चों में सद्गुण और संस्कार का विकास करें। कार्यक्रम के मुख्य प्रवक्ता रूपेंद्र सिंहा, विभागीय बौद्धिक प्रमुख, राजनांदगांव ने कहा कि आज कुछ लोग धर्म परिवर्तन को बढ़ावा दे रहे हैं, जो हमारे समाज और देश के लिए हानिकारक है। बच्चों को सही संस्कार दें उन्होंने माताओं से अपील की कि वे अपने बच्चों को सही संस्कार और संस्कृति का पालन करना सिखाएं। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य हिन्दू समाज को जागरूक करना, सनातन धर्म और संस्कृति को बनाए रखना और समाज में एकता को बढ़ावा देना है। इस दौरान स्कूली बालिकाओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम मुख्य आकर्षण का केंद्र रहे। कार्यक्रम में सामाजिक प्रमुख लेमन सेन, नोहर पवार, पुनाराम साहू, मितेंद्र वैष्णव, भुवन साहू, गिरधारी आंधियारे, गुरबिद नुरेटी, जोहरीत यादव, मुरलीधर गौतम, रामस्वरूप यादव, नेमीचंद सेन, पांचो बाई नेताम, हरिप्रिया साहू, चैती बाई दड़ावत, सोमेश साहू मौजूद थे।


