रामानुजगंज | भारत रत्न व पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर नगर पालिका परिषद रामानुजगंज द्वारा समारोह का आयोजन किया गया। नगर के वार्ड क्रमांक 1 स्थित अटल चौक पर आयोजित इस कार्यक्रम में देश भर में सर्वप्रथम स्थापित अटल की अष्टधातु की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी केवल एक महान राजनेता ही नहीं, बल्कि सुशासन और सर्वसमावेशी विकास के प्रणेता थे। उन्होंने कहा कि रामानुजगंज नगर पालिका उनके द्वारा दिखाए गए पारदर्शिता और सेवा के मार्ग पर चलने प्रतिबद्ध है। अटल के विचार आज भी हर जनप्रतिनिधि के लिए प्रेरणास्रोत हैं। अटल जयंती को सुशासन दिवस के रूप में मनाते हुए नगर पालिका ने जनकल्याणकारी कदम उठाए। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत 24 पात्र हितग्राहियों को उनके स्वयं के पक्के मकान के लिए कार्य आदेश प्रदान किए गए। कार्यक्रम में पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष आरके पटेल, कन्हैया लाल अग्रवाल, नगर पालिका उपाध्यक्ष शीला जायसवाल उपस्थित रहे।


