अंबिकापुर | भगवानपुर के ब्राइट स्टार्स स्कूल का पहला वार्षिकोत्सव मनाया गया। कार्यक्रम में महापौर मंजूषा भगत मुख्य अतिथि रहीं, जबकि नगर निगम सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी ने अध्यक्षता की। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राएं, शिक्षक, अभिभावक और पार्षद कमलेश तिवारी सहित बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। प्ले ग्रुप के बच्चों ने फैंसी ड्रेस में ‘जुबी-जुबी डमडम’ की मनमोहक प्रस्तुति दी। तीसरी कक्षा की बालिकाओं अदिति और अंशिता ने स्वागत गान व नृत्य प्रस्तुत किया। नर्सरी कक्षा के बच्चों ने ‘आज मैं ऊपर, आसमां नीचे’ गीत पर नृत्य प्रस्तुत किया, वहीं एलकेजी के बच्चों ने मोबाइल जागरूकता पर आधारित नृत्य के माध्यम से संदेश दिया कि मोबाइल का उपयोग सीमित और सावधानीपूर्वक किया जाना चाहिए। कक्षा पहली और तीसरी के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत छत्तीसगढ़ी-सरगुजिहा गीतों ने कार्यक्रम में स्थानीय संस्कृति की झलक दिखाई और दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।


