लुधियाना के नीला झंडा गुरुद्वारा रोड पर कुछ युवकों द्वारा बीच सड़क पर गाड़ी खड़ी कर जन्मदिन मनाने और पटाखे फोड़ने का मामला सामने आया है। युवकों ने सड़क के बीच वाहन रोककर केक काटा और चलते ट्रैफिक के बीच पटाखे फोड़े, जिससे सड़क पर लंबा जाम लग गया और राहगीरों की जान खतरे में पड़ गई। पटाखों से बढ़ा हादसे का खतरा पटाखे फूटते ही चिंगारियां इधर-उधर उछलने लगीं, जबकि सड़क के दोनों ओर वाहन खड़े थे। हालात ऐसे बन गए कि किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता था। मौके पर युवकों की खुलेआम हुड़दंगबाजी देखने को मिली और ट्रैफिक नियमों की जमकर अनदेखी की गई। मोहल्ला निवासियों ने दी पुलिस को सूचना स्थानीय निवासियों ने बताया कि घटना की सूचना डिवीजन नंबर-3 थाना पुलिस को दी गई थी। लोगों के अनुसार थाना प्रभारी ने फोन पर कहा कि “फोर्स भेजी जा रही है”, लेकिन काफी देर तक इंतजार के बावजूद न तो कोई पुलिस कर्मचारी मौके पर पहुंचा और न ही पीसीआर वाहन नजर आया। पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल मोहल्ला निवासियों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि इलाके में न तो नियमित पुलिस गश्त होती है और न ही देर रात तक खुली रहने वाली बेकरी और अन्य दुकानों पर कोई नियंत्रण रखा जाता है। इसी कारण युवक बेखौफ होकर बीच सड़क पटाखे फोड़ते हैं और नियमों की धज्जियां उड़ाते हैं। पुलिस कमिश्नर के आदेशों की अनदेखी पुलिस कमिश्नर की ओर से पहले ही सख्त निर्देश जारी किए गए हैं कि सार्वजनिक सड़कों पर पटाखे फोड़ना पूरी तरह प्रतिबंधित है। इसके बावजूद युवक खुलेआम कानून की अवहेलना करते नजर आए। स्थानीय लोगों के मुताबिक रात करीब 11 से 12 बजे के बीच पटाखे फोड़ने का सिलसिला शुरू हो जाता है, जो कई बार 1 से 2 बजे तक चलता रहता है। इससे किसी भी समय आगजनी या बड़ा हादसा हो सकता है। डरे हुए हैं स्थानीय निवासी मोहल्ला निवासियों ने बताया कि वे पहले डर के कारण शिकायत नहीं करते थे, लेकिन इस बार मजबूरी में पुलिस को फोन करना पड़ा। लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि हुड़दंग मचाने वाले युवकों और नियमों की अनदेखी करने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।


