भास्कर न्यूज | जालंधर गुरुद्वारा निरंकारी जोत कोट अच्छी पक्का बाग से श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के छोटे साहिबजादों बाबा जोरावर सिंह, बाबा फतेह सिंह और माता गुजरी जी के शहीदी पर्व को समर्पित नगर कीर्तन सजाया गया। श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की छत्रछाया और पंच प्यारों की अगुवाई में नगर कीर्तन की शुरुआत श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के चरणों में अरदास करके की गई। श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पावन स्वरूप फूलों से सजी हुई पालकी में सुशोभित किए गए। नगर कीर्तन की अगुवाई करते पांच प्यारे (मध्य) पालकी साहिब के आगे सफाई की सेवा करती संगत (दाएं) गतका अखाड़े के सिंह गतके का प्रदर्शन करते हुए। नगर कीर्तन गुरुद्वारा साहिब से शुरू होकर लव-कुश चौक, नया बाजार, सैदां गेट, रैनक बाजार से गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा बाजार शेखां में पहुंचा। वहां गुरुद्वारा कमेटी की ओर से भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद अली मोहल्ला, जीटी रोड, भगवान वाल्मीकि चौक से होता हुआ नगर कीर्तन गुरुद्वारा साहिब में संपन्न हुआ। इस मौके शब्दी व कीर्तनी जत्थे गुरु ग्रंथ साहिब और गुरु गोबिंद सिंह जी की महिमा का गुणगान कर रहे थे। पालकी साहिब के आगे नरसिंहा बजाते हुए निहंग सिंह फौज, घोड़े पर सवार पांच प्यारे और ऊंट पर स्वार निहंग सिंह फौज नगर कीर्तन के वातावरण में एक अलग छटा बिखेर रहे थे। रास्ते में संगत ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। मीरी पीरी गतका अखाड़ा और जत्थेदार हरी सिंह नलवा गतका अखाड़े के बच्चों ने गतके का प्रदर्शन किया। इस मौके पर मेयर वनीत धीर, हलका इंचार्ज नितिन कोहली, पूर्व विधायक रजिंदर बेरी, जगमोहन सिंह कोहली, गुरदीप सिंह, मनजोत सिंह, गगनदीप सिंह मौजूद रहे।


