जबलपुर में ग्राम कोटवारों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। कोटवार संघ के जिला अध्यक्ष नरेश दाहिया के नेतृत्व में कोटवारों ने मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा। पनागर तहसील के कोटवारों को पिछले दो महीने से वेतन नहीं मिलने से उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कोटवारों ने वर्दी की व्यवस्था को लेकर गंभीर आपत्ति जताई है। पहले वर्दी की राशि सीधे उनके खातों में जमा होती थी, लेकिन अब यह काम ठेकेदार को दे दिया गया है। कोटवारों का कहना है कि इससे वर्दी की गुणवत्ता प्रभावित होगी। उन्होंने ठेकेदार से वर्दी लेने से भी इनकार कर दिया है। एक और गंभीर मुद्दा जिले के 5000 से अधिक कोटवारों की भूमि का है। कई कोटवारों की जमीन पर दबंगों ने अवैध कब्जा कर रखा है। कोटवारों ने इस जमीन को कब्जा मुक्त कराने की मांग की है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे।


