छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक 6 फीट लंबा कोबरा नाग मिलने से हड़कंप मच गया। बिरेतरा गांव में सार्वजनिक पानी टंकी के पास यह सांप देखा गया, जिसके बाद ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। स्नेक कैचर सूर्यकांत साहू ने सांप को सुरक्षित रेस्क्यू किया। यह घटना गुरुवार देर रात धमतरी शहर से करीब 20 किलोमीटर दूर बिरेतरा गांव में हुई। सांप दिखने की खबर तेजी से फैली और बड़ी संख्या में ग्रामीण उसे देखने के लिए इकट्ठा हो गए। कई लोगों ने अपने मोबाइल फोन से सांप का वीडियो और तस्वीरें भी लीं। स्नेक कैचर ने कोबरा को सुरक्षित पकड़ा सूचना मिलने पर धमतरी जिले के रुद्री निवासी स्नेक कैचर सूर्यकांत साहू मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्टिक की मदद से कोबरा नाग को सुरक्षित पकड़ने का अभियान शुरू किया। इस दौरान भी मौके पर भारी भीड़ मौजूद रही। सूर्यकांत साहू ने बताया कि यह एक जहरीला कोबरा नाग है, जिसकी अनुमानित उम्र 15 से 16 वर्ष है। रेस्क्यू के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और स्नेक कैचर का धन्यवाद किया। पकड़े गए कोबरा नाग को जल्द ही सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया जाएगा।


