भास्कर न्यूज | राजिम छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माता, भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर गुरुवार को राजिम में नवनिर्मित अटल परिसर का लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया। यह समारोह अटलजी की जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित किया गया, ताकि उनकी स्मृतियों को चिरस्थायी बनाया जा सके। इस अवसर पर विधायक रोहित साहू की प्रमुख उपस्थिति में भव्य लोकार्पण किया गया, जिसमें नगर पंचायत अध्यक्ष महेश यादव, उपाध्यक्ष पूर्णिमा चंद्राकर, मंडल अध्यक्ष रिकेश साहू, पूर्व मंडल अध्यक्ष कमल सिन्हा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और नगरवासी उपस्थित थे। पिछले वर्ष, अटल परिसरों के निर्माण हेतु भूमिपूजन किया गया था और 25 दिसम्बर को राज्य के 115 शहरों में इन परिसरों का लोकार्पण हुआ। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में इन परिसरों का लोकार्पण किया, जबकि अन्य नगरीय निकायों से वर्चुअल जुड़े। विधायक रोहित साहू ने समारोह में न केवल अटल परिसर का उद्घाटन किया, बल्कि अपने दो साल के कार्यकाल की उपलब्धियों को भी जनता के सामने प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि इन दो वर्षों में क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण कार्यों की मंजूरी दी गई है।


