शहर के ज्यादातर प्राइवेट स्कूलों में अगले सत्र 2025-26 के लिए 11वीं क्लास में नामांकन की प्रक्रिया 10वीं बोर्ड परीक्षा से पहले शुरू हो जाएगी। इसके तहत शहर के सीबीएसई बोर्ड के स्कूलों में 11वीं क्लास में साइंस, कॉमर्स व आर्ट्स स्ट्रीम में नामांकन के लिए आवेदन फॉर्म ऑनलाइन व ऑफलाइन मोड पर प्राप्त कर सकेंगे। शहर के डीएवी ग्रुप के स्कूलों में नामांकन फॉर्म बुधवार से मिलने लगेंगे। वहीं डीपीएस रांची सहित कई स्कूलों में पिछले माह से ही आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। कुछ स्कूल बोर्ड परीक्षा के बाद नामांकन की प्रक्रिया शुरू करेंगे। सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी डीएवी पब्लिक स्कूल्स, झारखंड जोन बी व डीएवी कपिलदेव के प्रिंसिपल एमके सिन्हा ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया पहले शुरू की जा रही है। 10वीं व 11 वीं के बीच के सिलेबस में थोड़ा गैप होता है। हमारा लक्ष्य है कि मार्च तक नामांकन प्रक्रिया पूरी कर अप्रैल से क्लास शुरू कर दें, ताकी उस गैप को दूर किया जा सके। आवेदन फॉर्म ऑनलाइन व ऑफलाइन माध्यम से मिलेंगे। 10वीं बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट आने के बाद होगी सीट कंफर्म : ज्यादातर स्कूलों में 11वीं का नामांकन एंट्रेंस टेस्ट के माध्यम से लिया जाएगा। वहीं कई स्कूलों में प्री बोर्ड के अंक के आधार पर प्रोविजनल एडमिशन लिया जाएगा। आवेदन करने के बाद स्कूलों द्वारा टेस्ट लिए जाएंगे। टेस्ट के परफॉर्मेंस के आधार पर प्रोविजनल एडमिशन लिस्ट तैयार किया जाएगा। 10वीं बोर्ड का रिजल्ट जारी होने के बाद जब छात्र स्कूल प्रबंधन द्वारा तय किए गए न्यूनतम अंक प्रतिशत प्राप्त कर लेंगे तब उनकी सीट कंफर्म की जाएगी। वहीं कुछ सीट डायरेक्ट एडमिशन के लिए रखे जाएंगे।


