एजुकेशन रिपोर्टर|रांची झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का कार्यकाल 18 जनवरी को समाप्त हो रहा है। दोनों पद खाली रहा तो आयोजित होने वाली परीक्षाओं पर असर पड़ना स्वाभाविक है। इतना ही नहीं जैक बोर्ड के तीन विधायक सदस्यों का पद लगभग पिछले तीन माह (22 अक्टूबर) से खाली है। बताते चलें कि जैक अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का कार्यकाल तीन वर्ष का होता है, जो 18 जनवरी को पूरा हो जाएगा। बताते चलें कि झारखंड बोर्ड से संबद्ध स्कूलों में 8वीं की परीक्षा 28 जनवरी को और 9वीं की 29 व 30 जनवरी को आयोजित की जानी है। 8वीं की परीक्षा के लिए 5,18,002 स्टूडेंट्स और 9वीं की परीक्षा के लिए 4,77,096 स्टूडेंट्स ने आवेदन किया है। वहीं 11वीं की परीक्षा 6 मार्च से शुरू होगी। झारखंड बोर्ड इंटर वोकेशनल की परीक्षा 5 से 25 मार्च के बीच होगी। वहीं मैट्रिक और इंटर की परीक्षा 11 फरवरी से शुरू होने वाली है। 10वीं बोर्ड की परीक्षा में 4,33,886 स्टूडेंट्स और 12वीं बोर्ड की परीक्षा में 3,49,825 स्टूडेंट्स शामिल होने वाले हैं। इसके अलावा आकांक्षा कोचिंग में एडमिशन के लिए प्रवेश परीक्षा समेत छात्रवृत्ति परीक्षाएं आयोजित की जानी है। परीक्षा शुरू होने से पहले कार्यकाल खत्म हो रहा जैक बोर्ड की परीक्षा पर नजर रख रहे वरीय शिक्षकों का कहना है कि परीक्षा से संबंधित अधिकांश कार्य गोपनीय होते हैं, जो चेयरमैन की मॉनिटरिंग में होती है। इसमें प्रश्न पत्र सेट करना, प्रिंट कराना समेत अन्य कार्य शामिल है। एकीकृत बिहार के समय वर्ष 1993 में परीक्षा से पहले अध्यक्ष का कार्यकाल समाप्त हो गया था, उस समय कई तरह के प्रॉब्लम का सामना करना पड़ा था।


