डबवाली में एंटी नारकोटिक्स सेल (एएनसी) ने दो नशा तस्करों को 157 ग्राम 880 मिलीग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई संगरिया रोड, चौटाला पर नाकेबंदी के दौरान की गई। पकड़े गए आरोपियों की पहचान राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के लखुवाली का रहने वाला मनोज कुमार और लोंगेवाला का रहने वाला जोगिंदर सिंह के रूप में हुई है। एएनसी प्रभारी एएसआई रणजोध सिंह ने बताया कि पुलिस टीम संगरिया रोड, चौटाला पर अपराध और नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने के उद्देश्य से नाके पर मौजूद थी। इसी दौरान संगरिया की ओर से आ रही एक बाइक पर सवार दो युवकों ने पुलिस को देखकर अचानक रुकने और वापस मुडनें की कोशिश की। संदेह होने पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों युवकों को बाइक सहित पकड़ लिया। आरोपियों से तलाशी में अफीम बरामद पूछताछ के बाद, एक राजपत्रित अधिकारी की उपस्थिति में नियमानुसार दोनों व्यक्तियों और मोटरसाइकिल की तलाशी ली गई, जिसमें उनके पास से अफीम बरामद हुई। आरोपियों के खिलाफ थाना सदर डबवाली में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। ऑपरेशन हॉट स्पॉट डोमिनेशन के तहत कार्रवाई उन्हें कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी हासिल की जा सके। डबवाली पुलिस ने बताया कि जिला सिरसा में पुलिस महानिदेशक हरियाणा के निर्देशानुसार ‘ऑपरेशन हॉट स्पॉट डोमिनेशन’ के तहत नशा तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान जारी रहेगा। पुलिस ने कहा कि नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।


