गोशाला में 100 से अधिक गोवंश की मौत का मामला:भोमपुरा से पशुओं को 14 गौशालाओं में शिफ्ट किया जाएगा, 2 दिन का अल्टीमेटम

श्रीगंगानगर जिले के गांव भोमपुरा में स्थित इच्छापूर्ण गोकुल गोशाला में 100 से अधिक गोवंश की मौत हो जाने के बाद प्रशासन ने बड़ा फैसला किया है। गोशाला के गोवंश को क्षेत्र की अन्य 14 गोशालाओं में शिफ्ट करने का निर्णय लिया गया है। शुक्रवार को रायसिंहनगर मिनी सचिवालय में प्रशासन और इन गोशालाओं के संचालकों की अहम बैठक हुई, जिसमें सभी ने पशुओं की उचित देखभाल का भरोसा दिया। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम सुभाषचंद्र चौधरी ने की। एसडीएम ने बताया कि ग्रामीणों में गोशाला प्रबंध समिति को लेकर अब तक सहमति नहीं बन पाई है, जिससे पशुओं के रखरखाव में समस्याएं बढ़ रही हैं। गोवंश की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्हें अन्य गोशालाओं में शिफ्ट करने का फैसला किया गया है। सभी गोशाला संचालकों ने प्रशासन के इस कदम का समर्थन किया और भोमपुरा के पशुओं को अपनाने का आश्वासन दिया। एसडीएम ने कहा कि अगर अगले दो दिनों में प्रबंध समिति पर ग्रामीणों की सहमति नहीं बनी, तो पशुओं को फौरन शिफ्ट कर दिया जाएगा। बैठक में समेजा उप तहसीलदार सलिन्द्र कुमार, डॉ. राजेन्द्र कुमार शर्मा, डॉ. विक्रम भाटी, जम्भेश्वर गोशाला अध्यक्ष राजेश कुमार व मैनेजर अनिल कुमार, श्री गोशाला 22 पीएस अध्यक्ष किशन कुमार व मैनेजर अशोक कुमार, स्वामी खुशीगिरी जी गोवर्धन गोशाला ठंडी से मैनेजर राजाराम, श्री कल्याण भूमि गो सेवा समिति, लखाहाकम गौशाला से राजेश गोदारा, बाजूवाला से दीपक, डाबला गोशाला सचिव, भादवांवाला से शंकरलाल, राजस्थान गोसेवा समिति बाजूवाला के संयोजक अनिल कुमार, अरुणेश गो सेवा समिति 10 टीके से उदय सिंह व मनोहरलाल तथा 8 केएसडी से विक्रम सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *