देवेंद्रनगर के सांई नगर में मंगलवार की दोपहर कुत्ते ने 8 साल की बच्ची पर हमला कर दिया। बच्ची घर से निकलकर किराना दुकान जा रही थी। उसी दौरान कुत्ते ने उसे दौड़ाकर झपट्टा मारा। कुत्ते के हमले से बच्ची सड़क पर गिर पड़ी। उसकी चीख किराना दुकान के संचालक और राहगीरों ने सुनी और वह बच्ची को बचाने के लिए दौड़ा। वहीं खड़े दो युवक भी भागे। उन्हें आता देखकर कुत्ता बच्ची को छोड़कर भागा। बच्चे के हाथ में उसके नाखून से खरोंच आई है। ये पूरी घटना एक घर में लगे कैमरे में कैद हो गई। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि शहर में आवारा कुत्ते किस तरह बच्चों पर हमला कर रहे हैं। घटना के बाद बच्ची को अंबेडकर अस्पताल ले जाया गया। सांई नगर, काली मंदिर के पास रहने वाली 8 साल की अंजलि दोपहर को किराना दुकान जा रही थी। दुकान के पास ही सड़क पर बैठे कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया। वह सीधे उसे काटने दौड़ा। कुत्ते के डर से भागते समय हड़बड़ाकर अंजली गिर पड़ी और चिल्लाने लगी। किराना दुकान का संचालक के अलावा थोड़ी दूर पर खड़े दो युवक बच्ची को बचाने के लिए दौड़े। लोगों का कहना है कि पिछले एक हफ्ते से मोहल्ले के आवारा कुत्ते लोगों को काटने दौड़ा रहे हैं। रायपुर में 15 हजार से अधिक डॉग बाइट केस मानवाधिकार आयोग की ओर से पिछले माह कुत्ते काटने के मामलों पर गंभीर चिंता जताई गई थी। स्वास्थ्य विभाग से आंकड़े जुटाकर उन्होंने बताया था कि साल 2023 में प्रदेश में 1 लाख 20 हजार लोगों को कुत्तों ने काटा था। रायपुर में 15 हजार से अधिक डॉग बाइट के केस सामने आए थे। जो प्रदेश में सबसे ज्यादा थे। वहीं बिलासपुर में 12 हजार 301 बच्चों और व्यस्क को कुत्तों ने काटा था। इसी तरह दुर्ग में 11 हजार लोगों को कुत्ता काटने से पीड़ित हुए थे।


