छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव से पहले कांग्रेस ने अपने संगठन में बदलाव शुरू कर दिया है। कांग्रेस ने 3 जिलों में नए जिला अध्यक्षों की नियुक्ति की है। जिसमें मुंगेली, बस्तर ग्रामीण और रायगढ़ ग्रामीण शामिल हैं। जारी आदेश के मुताबिक, बस्तर ग्रामीण से प्रेमशंकर शुक्ला, रायगढ़ ग्रामीण में नागेन्द्र नेगी और मुंगेली में घनश्याम वर्मा को जिला अध्यक्ष बनाया गया है। रायपुर में भी बदले जाएंगे जिला अध्यक्ष: बताया गया है कि प्रदेश में शहर और ग्रामीण मिलाकर 30 से ज्यादा जिलाध्यक्ष बदले जाएंगे। इसमें रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, धमतरी जैसे जिले शामिल हैं। संगठन के खाली पदों पर भी नियुक्तियां हो सकती हैं। कई जिलाध्यक्षों का कार्यकाल पूरा, कई निष्क्रिय: कांग्रेस और आक्रामक मोड पर आना चाहती है। यही वजह है कि निष्क्रिय और पुराने ऐसे जिलाध्यक्ष जिनका कार्यकाल पूरा हो चुका है, उन्हें बदला जा रहा है। पार्टी बदलाव के जरिए एक बार फिर से नाराज कार्यकर्ताओं को साधना चाहती है। 114 नगर पंचायतों के लिए कांग्रेस ने बनाए पर्यवेक्षक
कांग्रेस ने निकाय चुनाव के लिए पर्यवेक्षकों की घोषणा शुरू कर दी है। निगम और पालिका के बाद अब सभी 114 नगर पंचायतों के लिए भी पर्यवेक्षक बनाए गए हैं। पीसीसी द्वारा जारी पत्र में पर्यवेक्षकों से कहा गया है कि वे संबंधित निकायों का दौरा करेंगे और जिला, शहर, नगर, ब्लाक कांग्रेस कमेटियों सहित स्थानीय वरिष्ठ नेताओं की बैठक कर जिला कांग्रेस द्वारा गठित समितियों से आपसी समन्वय बनाकर आवेदनों पर चर्चा कर योग्य प्रत्याशियों का नाम प्राथमिकता के साथ आवेदन की मूल प्रति के साथ पीसीसी की भेजेंगे।


