आमेर के अंदरूनी क्षेत्र के लिए बनेगा मास्टर प्लान:समीक्षा बैठक में दीया कुमारी ने दिए निर्देश, दिल्ली में राजस्थान का सांस्कृतिक केंद्र बनाने को लेकर हुई चर्चा

उपमुख्यमंत्री एवं पर्यटन, कला एवं संस्कृति मंत्री दीया कुमारी की अध्यक्षता में शुक्रवार को शासन सचिवालय में विभाग से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों एवं योजनाओं की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में दीया कुमारी ने पर्यटन विभाग द्वारा संचालित पुष्कर प्रोजेक्ट की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्यों को शीघ्रता से पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही दिल्ली में राजस्थान का सांस्कृतिक केंद्र स्थापित करने की संभावनाओं पर चर्चा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। दीया कुमारी ने कहा- राजस्थान की परंपरागत पेंटिंग, भित्ति चित्रकला और अन्य लोक कलाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए कला एवं संस्कृति विभाग की ओर से विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। उन्होंने झुंझुनूं में प्रस्तावित वार म्यूजियम के निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश भी दिए। बैठक में आमेर विकास एवं प्रबंधन प्राधिकरण के तहत आमेर के अंदरूनी क्षेत्र के लिए मास्टर प्लान तैयार कर इंटीग्रेटेड डेवलपमेंट किए जाने पर जोर दिया गया। इसमें सुरक्षा, पार्किंग, सफाई व्यवस्था, दुकानों का व्यवस्थित विकास और पर्यटकों के लिए सुविधाओं के विस्तार के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही जवाहर कला केंद्र से संबंधित विकास कार्यों और एएसआई संरक्षित स्मारकों पर समुचित लाइटिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में राजस्थान धरोहर प्राधिकरण के अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत, अतिरिक्त मुख्य सचिव पर्यटन प्रवीण गुप्ता, अतिरिक्त निदेशक पर्यटन आनंद त्रिपाठी और राजस्थान धरोहर प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रामरतन शर्मा सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। पर्यटन विभाग की विकास शाखा/टीआरसी जयपुर ने जेडीए को जयपुर में कॉन्सर्ट टूरिज्म के विकास के लिए भूमि आवंटन की प्रगति की जानकारी दी गई। बैठक में आरटीडीसी लैंड डिस्पोजल रूल्स में शीघ्र संशोधन किए जाने की जानकारी भी साझा की गई। बैठक में दीया कुमारी को जानकारी दी गई कि खाटू श्यामजी मंदिर परिसर में विकास कार्य प्रगतिरत हैं और सीएसएस कार्यों को जल्द पूरा किया जाएगा। इसके अतिरिक्त ट्राइबल सर्किट के निर्माण के लिए टीएडी के सुझावों हेतु पत्रावली प्रेषित किए जाने की जानकारी दी गई। दीया कुमारी ने एकीकृत ग्रामीण पर्यटन विकास पर विशेष जोर देते हुए प्रारंभिक चरण में शेखावाटी और आभानेरी क्षेत्र में कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। इस पर अतिरिक्त मुख्य सचिव प्रवीण गुप्ता ने बताया कि आभानेरी में ग्रामीण पर्यटन और मॉडल टूरिस्ट विलेज के लिए कला एवं संस्कृति विभाग की ओर से पायलट रूप में पांच गांवों के लिए संस्कृति पोर्टल प्रस्तावित है। इसी प्रकार शेखावाटी क्षेत्र में भी दो-तीन स्थानों पर पायलट प्रोजेक्ट प्रस्तावित किए गए हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *