अजमेर की राजकीय रेलवे पुलिस(GRP) ने अवैध हथियार सहित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 5 पिस्टल और जिंदा कारतूस भी बरामद किए। एक नाबालिग को भी डिटेन किया है। आरोपी से पूछताछ जारी है। आरोपी बाड़मेर जिले के सदर थाना इलाके का रहने वाला है। जीआरपी थाना प्रभारी फूलचंद ने बताया कि एएसआई संजय कुमार और टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि दो लड़के मध्यप्रदेश की तरफ से किसी ट्रेन में आ रहे है, जिनके पास पिस्टल, रिवॉल्वर और कारतूस होने की संभावना है। ये लड़के अजमेर उतरकर जोधपुर की तरफ जा सकते है। इस सूचना पर अजमेर में रेलवे स्टेशन पर संदिग्धों की तलाश की गई, तो दो शख्स टिम्बर यार्ड में ट्रेनों की ओट में छिपते हुए नजर आए। जिनको रोका तो अपना नाम नवाब अली पुत्र दोस्त अली उम्र 25 साल निवासी ग्राम मीठीसर पुलिस थाना बाड़मेर सदर, जिला बाड़मेर बताया और उसके कब्जे से चार देसी पिस्टल मय मैगजीन और कुल 12 कारतूस जब्त किए। साथ ही नाबालिग के पास से एक देसी पिस्टल मय मैगजीन जब्त की। फिलहाल दोनों से पुलिस पूछताछ में जुट गई है।


